चरखी दादरी। अमृत सरोवर योजना के तहत जिले में 75 में से 34 तालाबों के सुंदरीकरण ही काम पूरा हो सका है। सरकार का लक्ष्य जिले में 75 तालाबों को मॉडल रूप देने का था। अब इस योजना को बीच में ही रोक दिया गया है। इसके पीछे बजट की कमी बताई जा रही है। तीन तालाबों के सुंदरीकरण का काम जारी है। जिले में करीब 170 तालाब हैं। इस योजना में 75 तालाबों को ही शामिल किया गया था।
गौरतलब है कि इस समय अधिकतर गांवों में तालाब दूषित पानी की झील बने हुए हैं। इससे लोगों को बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई गांवों में तो ये तालाब गांव के बीच में स्थित है जिससे दुर्गंध बनी रहती है। लोगों का आसपास की बस्तियों में रहना तक मुश्किल बना हुआ है। इन तालाबों का दूषित पानी निकाल जीर्णोद्धार करवाए जाने की जरूरत है। सरपंचों का कहना है कि उन्होंने विभाग को प्रस्ताव को सौंप रखे हैं। वैसे तो जिला भर में करीब 170 तालाब हैं।
तालाबों का खराब पानी बन रहा प्रदूषण का कारण
काफी तालाबों को तो नहरों से जोड़ रखा है जिनमें समय-समय पर पानी भर दिया जाता है इनमें पानी बदली होता रहता है। इस समय करीब 70 तालाब दूषित की झील बने हुए हैं। तालाब वाटर रिचार्ज में बेहद सहायक होते हैं। तालाब प्रकृति का सौंदर्य बढ़ाने में भी सहायक होते हैं। पशुओं के लिए पीने का पानी तालाबों से ही उपलब्ध होता है। तालाबों में पानी खराब होने से पशुओं के लिए पशुपालकों को नल आदि से ही पानी पिलाना पड़ता है।
तालाबों का पानी दूषित
इस समय अधिकतर तालाबों में गाद एवं कीचड़ बनी हुई है। यह पानी पशुओं के पीने लायक नहीं है। इन तालाबों के जीर्णोद्धार की सख्त जरूरत है ताकि जल प्रदूषण को कम किया जा सके। गांव मंदोला में मुख्य तालाब गांव के बीचोबीच स्थित है इसमें गांव का दूषित पानी एकत्र हो रहा है। ऐसे में लोगों को बीमारियों का अंदेशा बना हुआ है। गांव ढाणी फोगाट में तालाबों की हालात बेहद खराब बनी हुई है। गांव स्थित रामेसर तालाब के किनारे बने कुओं से लोग पानी निकालते थे। यह पानी पीने में इस्तेमाल होता था। अब ये कुएं भी नकारा हो चुके हैं।
वर्सन:
पंचायत ने प्रस्ताव पारित कर विभाग में जमा करवा रखा है। उनके गांव के दो तालाब इस योजना में शामिल हैं। अभी तक तालाब सुंदरीकरण के नाम पर बजट नहीं आया है।डिंपल देवी, सरपंच, ग्राम पंचायत ढाणी फोगाट
वर्सन:
तालाबों में दूषित पानी से जल प्रदूषण बढ़ता है। आसपास का वातावरण भी प्रदूषित होता है। मच्छरों की वजह से बीमारियां बढ़ती हैं। तालाब प्रकृति की धरोहर हैं। तालाबों को समय-समय पर साफ इनमें साफ पानी डालते रहना चाहिए।डॉ. चंद्रमोहन, नोडल अधिकारी, पर्यावरण क्लब
वर्सन:
जिले में 34 तालाबों के सुंदरीकरण का काम पूरा हुआ है। अब योजना को फिलहाल रोक रखा है। सरकार की अगली हिदायतों के अनुसार ही काम शुरू हो सकेगा।-हरेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता, पंचायत राज विभाग