चरखी दादरी। शहर के आंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन को जाने वाली मुख्य सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों की ओर से अतिक्रमण करने का खामियाजा वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। हालात ऐसे बने हैं कि दुकानों के सामने सड़क पर 5 फीट तक सामान रखा हुआ है जिससे सड़क पर जाम के हालात बने रहते हैं। जाम में फंसे वाहन चालकों का कहना है कि नगर परिषद के अधिकारी शहर से अतिक्रमण हटवाने से परहेज कर रहे है जिससे अतिक्रमणकारी दुकानदारों के हौंसले लगातार बढ़ते जा रहे है। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनवाने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को राहत की सांस मिल सके।
इन दिनों शहर के आंबेडकर चौक से वाया पुरानी सब्जी मंडी होते हुए रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाली सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण होने से यहां से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण के चलते सड़क के बीच हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।
तीन साल पहले हुई थी कार्रवाई
स्थानीय लोगों का कहना हैं कि तीन साल पहले तत्कालीन उपायुक्त ने शहर में बनी अतिक्रमण की समस्या का स्थायी समाधान करवाने के लिए ठोस कार्रवाई शुरू की गई थी। उस दौरान शहर की सभी सड़कें खुली हुई नजर आती थी लेकिन इस अवधि के बाद शहर में कही भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
नप कर रहा महज औपचारिकताएं
नगर परिषद केवल परिषद कार्यालय से अभियान की शुरूआत कर परशुराम चौक पर बंद कर देता है जिससे बाजार में अन्य दुकानदारों के हौसले बढ़ते जा रहे है। वाहन चालकों ने जिला प्रशासन से शहर के मुख्य बाजारों में बनी अतिक्रमण की स्थिति का समाधान करवाने की मांग की है।
दुकानों के सामने सड़क पर रखा सामान
रेलवे रोड पर दुकानदारों ने दुकानों के सामने सड़क पर पांच फीट तक सामान रखा गया है जिसके कारण सड़क सिकुड़ कर आधी रह गई है। दुकानदारों की देखा देखी के बाद अन्य दुकानदार भी अतिक्रमण को बढ़ावा दे रहे हैं जिससे आम आदमी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं।
जाम से झेलनी पड़ती है भारी परेशानी
जाम में फंसे वाहन चालक संजू स्वामी, राजेंद्र सिंह, भगत सिंह, संजय सैनी, रामप्रताप सिंह ने बताया कि जाम लगने के कारण जरूरी काम अटक जाते हैं। वहीं राहगीरों को भी सड़क के दूसरी ओर जाने के लिए जाम जोखिम में डालनी पड़ती है।
वर्सन:
शहर में अतिक्रमण हटवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पुलिस प्रशासन और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति करवाई जाएगी। जल्दी ही इस अभियान की शुरूआत की जा सकेगी।- गौरव कुमार, सचिव नगर परिषद