संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। साउथ अफ्रीका के डर्बन में गांव सरूपगढ़ के रहने वाले अक्षय कुमार कराटे प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों पर भारी पड़े। अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत अक्षय कुमार देश को एक स्वर्ण और कांस्य पदक दिलाने में कामयाब रहे। एकल वर्ग में उन्होंने स्वर्ण और टीम वर्ग में कांस्य पदक जीता। गांव लौटने पर उनका शानदार स्वागत किया जाएगा।
सरूपगढ़ के होनहार कराटे खिलाड़ी ने कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप में दो पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया है।
कोच सुधीर सहरावत व दीपक लोधी ने बताया कि 28 नवंबर से 1 दिसंबर तक दक्षिण अफ्रीका की राजधानी डर्बन में 11वीं कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप आयोजित की गई। इसमें विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और एकल व टीम स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाया।
अक्षय ने स्पर्धा की सीनियर कैटेगरी के 60 किलोग्राम भारवर्ग में चुनौती पेश की। इस दौरान एकल स्पर्धा में उनके तीन मुकाबले हुए और तीनों में ही उन्होंने एकतरफा जीत हासिल की।
इसके बाद आयोजकों की ओर से उन्हें स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद टीम स्पर्धा भी हुई। इसमें उनकी टीम तीसरे नंबर पर रही रही और कांस्य पदक हासिल की।
खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर पिता आजाद सिंह, मामा भूपेंद्र सिंह, दादी सायोबाई, चाचा अनिल, डॉ. विजय कुमार, भाई मनदीप कुंडू, शुभम नागवान, मोहित रेढ़ू, दीपेश, पूर्व सरपंच रामअवतार, सरपंच कपूर सिंह समेत अन्य लोगों ने बधाई दी है।