चरखी दादरी। दिवाली के मद्देनजर स्वास्थ्य, दमकल और पुलिस विभाग मुस्तैद है। तीनों विभागों ने कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करते हुए अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि अप्रिय घटना और आपात स्थिति से निपटने के पुख्ता इंतजाम हैं।
दरअसल, दिवाली पर्व पर जिले में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हुए हैं। प्रशासन के निर्देशानुसार पुलिस, स्वास्थ्य व दमकल विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार पर ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारी अपना अवकाश दिवाली के बाद ले सकेंगे।
आपातकालीन कक्ष में स्टाफ रहेगा तैनात
स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल के अलावा तीन सीएचसी व इसके अधीन आने वाले पीएचसी में सभी चिकित्सकों को पर्याप्त दवाएं और एंबुलेंस तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा आपातकालीन कक्ष में स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है।
दमकल विभाग के 22 कर्मचारी देंगे ड्यूटी
दिवाली पर्व पर आतिशबाजी के चलते कई बार आगजनी की घटनाएं होती हैं। इसके कारण जान-माल का नुकसान भी होता है। इसके मद्देनजर विभाग ने 22 कर्मचारियों को 24 घंटे की ड्यूटी पर तैनात कर दिया है। मुख्य फायरमैन पवन शर्मा ने बताया कि जिले में कोई भी आगजनी नजर आने पर 01250-221101 पर फोन कर सूचना दे सकते हैं। जिला मुख्यालय में तीन वाहनों के अलावा एक रेस्क्यू वाहन तैयार हैं।