चरखी दादरी। जिले के गांव दूधवा मुख्य मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 1.21 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। लंबे समय से बदहाल इस सड़क के बनने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मानसून सीजन खत्म होने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया जाएगा। करीब छह साल पहले बनी यह 4.55 किलोमीटर लंबी सड़क रखरखाव के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो गई थी। सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए थे जिससे यह रास्ता जानलेवा बन गया था। ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को उठाया था।
गड्ढों से हो रहे हादसे
सड़क पर कई स्थानों पर जलभराव होने के कारण निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है वहीं कई स्थानों पर गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन छोटे-मोटे हादसे होना आम बात हो गई थी। इस मुख्य सड़क की खस्ताहाल होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बारिश के मौसम में स्थिति और भी विकट हो जाती थी। गड्ढों में जलभराव होने से सड़क तालाब में तब्दील हो जाती थी, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों का निकलना दूभर हो जाता था।
किसानों को उठानी पड़ रही परेशानियां
किसानों के लिए यह मार्ग जीवन रेखा के समान है। फसल की कटाई और बुआई के दौरान, जब ट्रैक्टर-ट्रालियों को खेतों तक पहुंचना होता है, तब कीचड़ और गड्ढों के कारण उन्हें भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। कई बार तो ट्रैक्टर फंसने के कारण किसानों की फसल समय पर मंडी तक नहीं पहुंच पाती थी, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता था। स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों के लिए भी यह रोज की सिरदर्दी बनी हुई थी।
विभाग ने दी मंजूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण
ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन के सामने इस समस्या को उठाया था। लोगों की लगातार मांग और सड़क की बदतर हालत को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने मामले का संज्ञान लिया और पुनर्निर्माण के लिए 1.21 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। विभाग के अधिकारियों के अनुसार मानसून सीजन समाप्त होने के साथ ही निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा।
वर्सन:
गांव दुधवा को जाने वाली सड़क पुनर्निर्माण के लिए मुख्यालय की ओर से 1.21 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। बारिश का सीजन रुकने के बाद सड़क का कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। - गुरचरणसिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग।