संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जेल में बंद युवक के फर्जी हस्ताक्षर व दस्तावेज से लोन के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दादरी निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव समसपुर निवासी नरेश कुमार ने एसपी कार्यालय में शिकायत दी थी कि वह भारतीय सेना में कार्यरत है। उसका भाई नसीब अक्तूबर 2023 से भिवानी जेल में बंद है। दादरी निवासी प्रदीप उर्फ मुड्डा ने भिवानी स्थित आईआईसीआई बैंक में नसीब के फर्जी हस्ताक्षर व आईडी देकर लोन ले लिया। इसके बाद आरोपी ने उन पैसों से एक कार निकलवा ली। उनका आरोप था कि प्रदीप ने बैंक मैनेजर व कर्मचारियों के साथ मिलकर झूठा लोन पास कराया है। नसीब ने अपने नाम न तो कोई लोन लिया और न ही वाहन खरीदा है। नसीब ने किसी कागजात पर भी हस्ताक्षर नहीं किए।
नरेश ने बताया कि गांव बिरही कलां निवासी अमित वाहनों का इंश्योरेंस करता है। शहर के रोहतक रोड पर उसका ऑफिस है। प्रदीप ने अमित के पास ही लोन की फाइल प्रक्रिया करवाई। 27 मार्च को अमित उनके घर आया और नसीब के नाम 5.60 लाख का लोन बकाया बताया। इसके बाद जब उन्होंने नसीब से इस बारे में बात की तो उसने किसी भी प्रकार के लोन लेने मना कर दिया। जब उन्होंने अपने स्तर पर इसकी जांच की तो फर्जीवाडे़ का पता चला। एसआई सतीश की टीम ने इस मामले में आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार किया है।