संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रेवाड़ी जिले के कुंड गांव में हुए झगड़े में घायल दो भाइयों को सिविल अस्पताल में उपचार न देने का मामला सामने आया है। मरीज पक्ष ने इसकी शिकायत डीसी मनदीप कौर से की है और डीसी ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए सीएमओ से जवाब तलब किया है। वहीं, मरीज का पक्ष का आरोप है कि चिकित्सक ने न तो घायलों का उपचार किया और न ही एमएलआर काटी।
डीसी को दी शिकायत में कुंड निवासी विजूशराम और सागर ने बताया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे उनका झगड़ा हो गया था। इस झगड़े में उन दोनों को चोटें लगीं। परिजन सुबह आठ बजे उपचार के लिए उन्हें चरखी दादरी के सिविल अस्पताल ले पहुंचे। घायल भाइयों ने आरोप लगाया कि पहले आपातकालीन कक्ष में ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रदीप ने मामला दूसरे जिले का बताकर एमएलआर काटने से मना कर दिया। इसके बाद डॉ. राहुल ने भी ये ही जवाब दिया। उन्होंने डीसी को शिकायत दी। मामले की लिखित शिकायत मिलते ही डीसी मनदीप कौर ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने शनिवार को ही पत्र क्रमांक 41 जारी किया, जिसमें सीएमओ को एमएलआर काटने के साथ संबंधित चिकित्सक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई कर रिपोर्ट डीसी कार्यालय में सौंपने के निर्देश दिए। डीसी की ओर से इस मामले में लिखे गए पत्र में इसे स्टाफ की गंभीर चूक बताया है।
एमएलआर नहीं काटूंगा, फिर चाहे मुख्यमंत्री का ही फोन क्यों न आ जाए
डीसी को दी शिकायत में घायल पक्ष ने आरोप लगाया कि डॉ. प्रदीप ने उनसे कहा कि एमएलआर काटने पर उसे गवाही देने के लिए दूसरे जिले में जाना पड़ेगा। इसलिए वह एमएलआर नहीं काटेगा, फिर चाहे इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का ही फोन क्यों न आ जाए। घायल पक्ष का कहना कि उनकी ओपीडी पर्ची तक नहीं काटी गई। उन्होंने स्टाफ पर दुर्व्यवहार के साथ सीएमओ पर कॉल तक रिसीव न करने का आरोप लगाया। शहर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र जटासरा ने कहा कि इस मामले में सोमवार से वो सिविल अस्पताल में धरना भी शुरू करेंगे।
वर्जन:
मेरे पास मामले की शिकायत आई थी। इस पर सीएमओ से जवाब मांगा गया है। अगर ऐसा हुआ है तो ये चिकित्सक की गंभीर चूक है। सीएमओ को संबंधित चिकित्सक पर कार्रवाई कर रिपोर्ट कार्यालय में भेजने का आदेश दिया गया है। - मनदीप कौर, डीसी, चरखी दादरी
मरीज दूसरे जिले से थे और ये स्पष्ट नहीं हुआ था कि वहां एमएलआर काटी गई या नहीं। जानकारी लेने के लिए रेवाड़ी पुलिस से संपर्क किया गया है। घायल पक्ष से जब डबल एमएलआर को लेकर शपथपत्र मांगा गया तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया।
डॉ. गौरव भारद्वाज, कार्यवाहक सीएमओ, चरखी दादरी
-
फोटो 38
दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती विजूशराम। संवाद
फोटो 39
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन घायल सागर। संवाद