पुलिस गिरफ्त में साइबर ठगी का आरोपी।
चरखी दादरी/बौंदकलां। सिंगापुर में रहने वाली पोती का पति बनकर भागेश्वरी निवासी बुजुर्ग से साढ़े 6 लाख की ठगी करने के आरोपी को दादरी साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी राहुल के रूप में हुई है। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि भागेश्वरी निवासी रामकृष्ण यादव ने दिसंबर 2023 में बौंदकलां थाने में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 9 दिसंबर को उसके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि वो सिंगापुर से आपकी पोती का पति बोल रहा है। उसका एक दोस्त सरदारजी है और उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है। पोती का पति बताने वाले शख्स ने रामकृष्ण से कहा कि वो खाते में रुपये डालेगा और वो रुपये सरदारजी के पास भेजने है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके बाद 11 दिसंबर को एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि 16 लाख 50 हजार रुपये जमा हो गए हैं। मैसेज आने के कुछ देर बाद एक शख्स ने रामकृष्ण के पास कॉल की और खुद की पहचान सरदारजी के रूप में बताई। इसके बाद रामकृष्ण ने आरटीजीएस के जरिये साढ़े 6 लाख रुपये उसके खाते में डाल दिए। बाद में बुजुर्ग को पता चला कि उसके खाते में साढ़े 16 लाख जमा होने का जो मैसेज आया था वो फर्जी था। पुलिस ने रामकृष्ण की शिकायत पर केस दर्ज किया था। साइबर थाना पुलिस ने आरोपी राहुल को बिहार से काबू किया है। इस मामले में और गिरफ्तारी भी होनी है।
दोस्त को दे रखा था एटीएम
आरोपी राहुल से पुलिस ने एक पासबुक भी बरामद की। वहीं, पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना खाता नंबर व एटीएम अपने दोस्त को दे रखा था। इस खाते में जो पैसे आते थे वो ही निकालवाता था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया।