चरखी दादरी। चरखी दादरी के गांव सारंगपुर निवासी सेना के जवान की जम्मू में ट्रक पलटने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिवंगत जवान अमित के ताऊ के बेटे पवन कुमार ने बताया कि अमित डेढ़ साल पहले भारतीय सेना में चालक के पद पर भर्ती हुए थे। इस समय तैनाती पठानकोट में थी। पवन कुमार ने बताया कि ट्रक अमित चला रहे थे। उसमें दो अन्य जवान सवार थे।
ट्रक जम्मू से पठानकोट जा रहा था। जम्मू क्षेत्र में रामबन के समीप ट्रक पलट गया। इससे उसमें सवार तीनों जवानों की मौत हो गई। यह घटना रविवार दिन में साढ़े 11 बजे हुई थी।
भाई पवन कुमार ने बताया कि पठानकोट बटालियन से फोन पर परिजनों को सूचना मिली। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह सात बजे अमित की पार्थिव देह गांव में पहुंचेगी। घटना की सूचना के बाद से गांव में शोक की लहर है।
अमित 5471, एएससी, बीएनएमटी रेजीमेंट में तैनात थे। उनके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके दादा आजाद सिंह सेना से रिटायर हैं। अमित अविवाहित थे।