चरखी दादरी। पुलिस ने 27 व 28 अक्तूबर की मध्यरात्रि दादरी-लोहारू मुख्य मार्ग पर सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। यह अभियान अपराध, नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए था। डीएसपी कप्तान सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सरोज सहित 16 पुलिस जवान तैनात थे। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने 40 छोटे-बड़े वाहनों को रोककर जांच की। उनके दस्तावेज, डिकी और संदिग्ध सामान की पड़ताल की गई। पांच संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ की गई।
उनकी पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि भी हुई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों के चालान काटे गए। कप्तान सिंह ने रात में सफर करने वालों से पहचान पत्र, वैध आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से पुलिस जांच में सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना डायल-112 पर देने को कहा।