चरखी दादरी। जिले के युवाओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 सितंबर को शहीद नरेंद्र कुमार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रावलधी में जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
इस मेले में हरियाणा सरकार की मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। युवाओं के लिए करीब 900 से अधिक अप्रेंटिसशिप और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, मेले में 50 से अधिक कंपनियां भाग लेने की संभावना है। आठवीं पास से लेकर स्नातक, परास्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारक युवा इसमें शामिल हो सकेंगे।
विभिन्न कंपनियों की ओर से मौके पर ही अभ्यर्थियों के साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चयनित युवाओं को तुरंत नियुक्ति या ऑफर पत्र प्रदान किए जाएंगे। आईटीआई के प्रधानाचार्य जीतपाल ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुरूप रोजगार दिलाना है। उन्होंने युवाओं से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। संवाद