फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: घर में चारपाई पर लेटे दिव्यांग की आग लगने से मौत, चिल्लाने का शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसी

Wed, 24 Dec 2025 01:43 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
घटनास्थल पर जांच करती एफएसएल टीम व पुलिस।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। वार्ड-21 स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में मंगलवार सुबह घर में आग लगने से चारपाई पर लेटे एक दिव्यांग की जलने से मौत हो गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मृतक प्रहलाद सिंह (50) था है। घटना के समय वह घर पर अकेला था। आस-पड़ोस के लोगों ने उसकी चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंच कर आग बुझाई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव का पोस्टमार्टम दादरी के नागरिक अस्पताल में कराया गया।
विज्ञापन

बता दें कि मूलरूप से गांव पैंतावास कलां और पिछले काफी समय से स्थानीय विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी प्रहलाद सिंह शुरुआत में पैरों से दिव्यांग था। करीब नौ वर्ष पहले हुए एक हादसे के बाद उसके हाथ और पैरों ने काम करना बंद कर दिया था जिसके कारण वह चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ था और चारपाई पर ही रहता था।
घटना के समय घर पर था अकेला
पति के दिव्यांग होने पर उसकी पत्नी शीला घरों में साफ-सफाई कर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी। हर रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे शीला काम के लिए चली गई। छोटी बेटी 11वीं कक्षा की छात्रा है और वह पढ़ाई के लिए स्कूल गई हुई थी। बेटा जतिन शहर में एक दुकान पर काम करता है। सुबह करीब 11 बजे वह लघु सचिवालय परिसर में किसी कार्य के लिए चला गया। इस दौरान प्रहलाद सिंह घर पर अकेला था। बड़ी बेटी शादीशुदा है।
विज्ञापन

चिल्लाने का शोर सुन दीवार कूद पहुंचे पड़ोसी
सुबह करीब सवा 11 बजे आस-पड़ोस के लोगों को प्रहलाद सिंह के चिल्लाने का शोर सुनाई दिया। उन्होंने देखा तो अंदर से धुआं उठ रहा था। जिस पर आस-पड़ोस के लोगों ने दीवार कूद घर में प्रवेश कर दरवाजा खोला। अंदर जाकर देखा तो प्रहलाद सिंह आग में झुलसा हुआ था और चारपाई पर आग लगी हुई थी। लोगों ने अपने स्तर पर ही पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस को दी सूचना
पड़ोस में रहने वाले प्रवीण स्वामी ने बताया कि शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचा तो उस समय प्रहलाद सिंह जीवित था। जब वे आग बुझा रहे थे तो दो-तीन मिनट बाद ही उसने दम तोड़ दिया जिसके बाद उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर दादरी सिटी थाना पुलिस, फोरेंसिक साइंस लैब टीमें भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब वे मौके पर पहुंचे तो उस समय बिजली का एक तार चारपाई पर पड़ा हुआ था। जहां पर चारपाई है उसके पास ही बिजली के बोर्ड लगे हुए हैं और एक तार अंदर जा रही थी। ऐसे में शुरुआती जांच में शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगना प्रतीत हो रहा है। इसके अलावा एफएसएल टीम को मौके पर माचिस की काफी तिल्लियां भी पड़ी मिली हैं। परिजनों का कहना है कि प्रहलाद सिंह अपने आप माचिस की तिल्ली नहीं जला सकता था।
इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की
दादरी सिटी पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। मृतक की पत्नी शीला के बयान के आधार पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें