फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 16 में से आठ परिवादों का मौके पर निपटारा

Thu, 30 Oct 2025 01:38 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवादों की सुनवाई करते कृषि मंत्री व अधिकारी। संवाद
विज्ञापन
कष्ट निवारण समिति की बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने की परिवादों की सुनवाई
विज्ञापन


फोटो 1 : कष्ट निवारण समिति की बैठक में परिवादों की सुनवाई करते कृषि मंत्री व अधिकारी। संवाद
फोटो 2 : बैठक में अपनी बात रखते बौंद पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन व अन्य। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सभी सरकारी विभाग जनता के लिए होते हैं। यदि विभागों में सुनवाई न होने से जनता ही परेशान है तो उसका कोई औचित्य नहीं है। ये बातें प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को दादरी के लघु सचिवालय में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में बिजली निगम से संबंधित परिवाद की सुनवाई करते हुए कहीं।
स्थानीय वाल्मीकि नगर निवासी विजय चौहान ने उनकी गली के बीच में लगे हुए खंभे को हटाने से संबंधित शिकायत दी थी। इस पर बिजली निगम के एसडीओ गौरव कुमार ने कहा कि खंभे को नहीं हटाया जा सकता है। शिकायतकर्ता ने कहा कि एसडीओ ने उन्हें अपनी जेब से रुपये देने पर खंभे को हटाने की बात कही थी।
विज्ञापन

उसी दौरान वार्ड दो के पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र दहिया ने कहा कि गांधी नगर काॅलोनी की गली में दो महीने से खंभा टूटा हुआ है। एसडीओ की ओर से उसे दुरुस्त नहीं करवाया जा रहा है। जिस पर कृषि मंत्री ने निगम के एसडीओ को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की सुविधा के अनुसार खंभा लगवाया जाए ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग में तैनात कर्मचारी की ओर से चिकित्सक की ओर से प्रताड़ित करने की शिकायत पर एसडीएम से जांच करवाने के आदेश दिए गए। बैठक में रखे गए 16 में से 8 परिवादों का निपटारा हो गया तथा 8 को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया।
गांव दातौली की पंचायती जमीन से संबंधित परिवाद की सुनवाई के दौरान उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने गांव की सरपंच को कहा कि पंचायती राज एक्ट के अनुसार गांव से संबंधित सभी शक्तियां ग्राम पंचायत के पास हैं। अन्य विभाग पंचायत के सहयोग के लिए होते हैं। ऐसे में सरपंच व पंचायत गलत कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाएं। साथ ही इस मामले की जांच के लिए डीडीपीओ, डीआरओ व बीडीपीओ भी गांव में जाकर मौके का मुआयना कर रिपोर्ट सौंपें।

प्रतिदिन शाम को दो वार्डों में होगी सफाई
बैठक में पार्षद प्रतिनिधि नरेंद्र दहिया ने शहर में सफाई कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। दहिया ने कहा कि शहर में 184 सफाईकर्मी हैं। इनमें से 54 की ड्यूटी सरकारी आवासों पर लगी है। इसे अधिकारियों ने नकार दिया। बाद में विचार-विमर्श करते हुए निर्णय लिया गया कि सफाई कर्मचारी सुबह के समय निर्धारित वार्डों में तथा शाम के समय सभी कर्मचारी हर रोज दो-दो वार्डों में सफाई अभियान चलाएंगे। वहीं, सीसीआई अंडरपास में पानी जमा होने के मामले में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता ने कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने बौंद पंचायत समिति के वाइस चेयरमैन व अन्य ग्रामीणों की ओर से बौंदकलां स्थित सीएचसी में निर्माणाधीन लैब में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग करने की शिकायत पर एडीसी की अध्यक्षता में कमेटी बनाने के निर्देश दिए। यह टीम निर्माण सामग्री के नमूने लेकर जांच करेगी। उन्होंने गांव कलाली निवासी ग्रामीणों की ओर से गांव के जोहड़ को पक्का करने में लगाई जा रही निर्माण सामग्री की जांच के भी आदेश दिए।
खनन संबंधी शिकायत पर बनाई गई कमेटी
गांव पिचौपा में अवैध खनन व इससे संबंधित शिकायत पर कृषि मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल कारवा की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया। इसमें जिला वन अधिकारी, जिला राजस्व अधिकारी, खनन अधिकारी को शामिल किया गया है। यह कमेटी शिकायत के सभी बिंदुओं पर जांच करेगी और जरूरत के अनुसार अन्य विभागों को भी शामिल कर सकेगी। मंत्री ने दोनों पक्षों को सुनकर अगली बैठक से पहले रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे मौजूद



बैठक में जिला परिषद चेयरमैन मंदीप डालावास, एसपी अर्श वर्मा, एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा, एसडीएम योगेश सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील इंजीनियर, सीईओ जिला परिषद डाॅ. विरेन्द्र सिंह, एसडीएम आशीष सांगवान, सीटीएम प्रीति रावत, जिला महामंत्री राष्ट्रदीप आदि भी मौजूद रहे।

फसल खरीद के दौरान किसानों को न करना पड़े परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सरकार प्रदेश के किसानों के साथ खड़ी है। लगातार किसानों की भलाई के कार्य कर रही है। प्रदेश की मंडियों में एमएसपी पर फसलों का दाना-दाना खरीदा जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि फसल खरीद के दौरान किसी भी किसान को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा बुधवार को दादरी में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि फसल खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी किसान को मंडी में अनावश्यक रूप से परेशानी का सामना न करना पड़े। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार लगातार किसानों भलाई के कार्य कर रही है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से कल्याणकारी योजनाएं भी लागू की जा रही हैं।
विज्ञापन

कषि मंत्री ने कहा कि सरकार की योजना के अनुसार जल्द ही भावांतर भरपाई योजना की राशि जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण खराब हुई फसलों के सत्यापन का कार्य अंतिम चरण में है और जल्दी ही किसानों के बैंक खातों में ज्यादा बरसात से खराब हुई फसलों का मुआवजा डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि दादरी जिला प्रशासन की ओर से ओवरलोडिंग पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। लाखों रुपये के चालान किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें