संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बदलते मौसम के साथ जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अक्तूबर के सात दिनों की बात करें तो 8 नए मामले सामने आए हैं। 30 सितंबर तक डेंगू मरीजों की संख्या 16 थी। अब यह बढ़कर 24 पहुंच चुकी है। ऐसे में नियमित अंतराल पर डेंगू के केस सामने आ रहे हैं।
दूसरी ओर विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में दवा का छिड़काव करवाने के साथ बुखार पीड़ित मरीजों की जांच भी कर रही हैं। इतना ही नहीं, उच्चाधिकारियों ने नमूने ही संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दे दिए हैं।
बता दें कि सितंबर माह से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर डेंगू व मलेरिया के लारवा की जांच कर रही हैं। टीमों ने कुल 581 लोगों के खून के नमूने लिए। इनमें से जांच के दौरान 16 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद अक्तूबर में 80 संदिग्ध मरीजों के नमूने लिए गए। इनमें से 8 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।
2600 जगहों पर मिले लारवा, 380 को नोटिस : स्वास्थ विभाग की 296 टीमों ने जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए अभियान चला कर घरों में रखे पानी के बर्तनों की जांच की। जांच के दौरान टीमों ने 2,600 स्थानों पर लारवा पाया। इसके बाद पानी के बर्तनों को खाली करवाया गया। 380 मकान मालिकों को नोटिस दिए गए।