वर्ष 2024 में मिले डेंगू के 214 केस, वर्ष 2023 में 970 पहुंची थी संख्या, 9.92 प्रतिशत कम हुई संक्रमण दर
- इस साल मलेरिया के 12 केस ही आए सामने, 28 अक्तूबर के बाद नहीं मिला नया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। डेंगू और मलेरिया का प्रकोप जिले में अब तक खत्म हो गया है। 13 दिसंबर के बाद डेंगू का और 28 अक्तूबर के बाद मलेरिया का नया केस सामने नहीं आया है। राहत की बात यह है कि पिछले साल की तुलना में इस बार डेंगू के 22 फीसदी मामले ही सामने आए हैं। पिछले साल पूरे सीजन में डेंगू के 970 केस मिले थे। जबकि इस बार 214 ही केस सामने आए। खास बात यह है कि इस बार डेंगू और मलेरिया संक्रमण दर में भी कमी आई है।
वर्ष 2023 की बात करें तो डेंगू पॉजिटिव केस मिलने की शुरुआत जुलाई में हुई थी जबकि वर्ष 2024 में जून के अंदर ही पहला केस मिल गया था। वर्ष 2023 व 2024 में जुलाई के अंत तक 2-2 केस थे। वहीं, वर्ष 2024 में अगस्त के अंत तक डेंगू के जिले में 6 केस मिले। सितंबर के अंत तक संख्या बढ़कर 32 हो गई। अगस्त के अंत तक 95, नवंबर के अंत तक 182 और दिसंबर में संख्या बढ़कर 214 पहुंच गई।
वहीं, वर्ष 2023 की बात करें तो अगस्त में 140, सितंबर में 302, अक्तूबर में 286, नवंबर में 194 और दिसंबर में 46 नए केस मिले थे। ऐसे में पिछले साल के मुकाबले डेंगू पॉजिटव केस कम मिले। डेंगू के वर्ष 2023 में जिला स्वास्थ्य विभाग ने 4084 नमूने लिए थे। डेंगू पॉजिटिविटी रेट 23.75 फीसदी थी। वर्ष 2024 में विभाग की ओर से 1547 नमूने लिए गए और पॉजिटिविटी रेट 13.83 प्रतिशत रही।
- वर्ष 2024 में मिले मलेरिया पॉजिटिव केस
अप्रैल 2024 में मलेरिया के 2 केस मिले थे। इसकी बाद मई, जुलाई और अगस्त में एक-एक नया केस मिला। इसके बाद सितंबर में 3 और अक्तूबर में 4 नए केस मिले। 28 अक्तूबर के बाद से जिले में मलेरिया का नया केस सामने नहीं आया है।
- नवंबर में लिए सर्वाधिक नमूने, सबसे ज्यादा केस भी मिले
वर्ष 2024 की बात करें तो जिला स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के जनवरी में 2, फरवरी में 5, मार्च में 14, अप्रैल में 16, मई में 12, जून में 20, जुलाई में 63, सितंबर में 235, अक्तूबर में 308, नवंबर में 434 और दिसंबर में 186 नमूने लिए। इनमें से नवंबर में सर्वाधिक डेंगू पॉजिटिव 88 केस मिले।
- किस स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र में मिले कितने डेंगू केस
स्वास्थ्य केंद्र का नाम - डेंगू पॉजिटिव केस
दादरी अर्बन- 94
सीएचसी झोझूकलां- 6
पीएचसी संतोकपुरा-7
पीएसची बलकरा- 9
पीएचसी माईकलां-4
पीएचसी मानकावास- 20
सीएचसी बौंदकलां- 33
पीएचसी अचीना- 4
पीएचसी सांवड़-9
पीएचसी रानीला-5
पीएचसी इमलोटा-3
सीएचसी गोपी- 1
पीएचसी बाढड़ा-11
पीएचसी हड़ौदी- 11
पीएचसी छपार-3
पीएचसी कादमा- 4
वर्सन:
डेंगू और मलेरिया का प्रकोप अब खत्म हो गया है। इस साल डेंगू के 214 और मलेरिया के 12 केस मिले हैं। वर्ष 2023 के मुकाबले डेंगू की संक्रमण दर में काफी गिरावट आई है।
-डॉ. गौरव भारद्वाज, डिप्टी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी (डेंगू-मलेरिया)
फोटो 01
मातृ-शिशु अस्पताल स्थित प्रयोगशाला में डेंगू संदिग्ध के नमूने की जांच करता स्टाफ। संवाद