बस स्टैंड परिसर में बनाए गए हैप्पी कार्ड काउंटर पर लगी भीड़।
चरखी दादरी। सरकार की हैप्पी कार्ड योजना पात्र परिवारों को खूब रास आ रही है। प्रतिदिन दादरी बस स्टैंड पर करीब 500 लोग हैप्पी कार्ड प्राप्त कर रहे हैं। अब तक की स्थिति देखें तो 70 हजार से अधिक लोग हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन कर चुके हैं। विभाग की ओर से जिले में करीब तीन लाख लोगों के हैप्पी कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
बता दें पात्र लोगों के हैप्पी कार्ड बनाने के लिए परिवहन विभाग ने बस स्टैंड परिसर में पांच काउंटर की व्यवस्था की हुई है। अलग-अलग शिफ्ट में इन काउंटर पर 30 कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ये कर्मचारी यहां आने वाले लोगों से प्रक्रिया पूरी करवाकर हैप्पी कार्ड वितरित कर रहे हैं। इनके अलावा कार्ड एक्टिवेट करने के लिए 7 कंप्यूटर ऑपरेटर्स की ड्यूटी भी लगाई गई है।
पिछले एक सप्ताह के आंकड़ें देखें तो प्रतिदिन करीब 500 लोग हैप्पी कार्ड प्राप्त कर सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदनकर्ता का बीपीएल राशनकार्ड होना या फिर प्रति माह आय एक लाख रुपये से कम होनी चाहिए। अब तक विभाग के जिले के पात्र लोगों के लिए साढ़े 34 हजार हैप्पी कार्ड पहुंच चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार 7 जून को हैप्पी कार्ड वितरण कार्य का आगाज मंत्री बिशंभर बाल्मीकि ने किया था।
माह के अंत तक आवेदन संख्या 90 हजार तक पहुंचने की उम्मीद
सरकार की एक हजार किलोमीटर की निशुल्क बस यात्रा का लाभ उठाने के लिए जिले में अब तक 70 हजार लोग आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 50 फीसदी के हैप्पी कार्ड बनकर आ चुके हैं। वहीं, जून के अंत तक आवेदकों की संख्या 90 हजार तक पहुंचने का अनुमान है और अधिकारी उसी अनुसार व्यवस्था करने में जुटे हैं।
हैप्पी कार्ड वितरित करने के लिए पांच काउंटर की व्यवस्था की गई है जबकि 7 कंप्यूटर ऑपरेटर की भी इस कार्य में ड्यूटी लगाई गई है। आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। विभाग का प्रयास है कि जल्द से जल्द पात्र लोगों के हैप्पी कार्ड बनाकर उन्हें योजना का लाभ दिया जाए।
-नवीन शर्मा, जीएम, चरखी दादरी डिपो