चरखी दादरी। शहर के बिचला बासा से गामड़ी को जाने वाले 500 मीटर लंबी जर्जर सड़क के जल्दी ही दिन फिरने वाले हैं। सड़क का पुनर्निमाण करने के लिए नगर परिषद की ओर से एस्टीमेट बनवा बजट पास कर दिया है। जल्दी ही सीसी सड़क बनाने के लिए टेंडर जारी किए जाएंगें। सड़क बनने के बाद यहां से गुजरने वाले राहगीरों व वाहन चालकों को फायदा होगा।
वार्ड 13 स्थित बिचला बासा से वाया गामड़ी क्षेत्र होते हुए सेक्टर 9 को जोड़ने वाली 500 मीटर लंबी जर्जर सड़क का पुर्ननिर्माण करने के लिए नगर परिषद की ओर से 79.78 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है। नगर परिषद इंटलॉकिंग सड़क के बदले सीसी सड़क का निर्माण करवाएगा। सड़क बनने के बाद स्थानीय लोगों के अलावा यहां से गुजरने वाले पांच हजार से अधिक लोगों को लाभ होगा।
जर्जर सड़क का पुर्ननिर्माण करवाने के लिए स्थानीय लोग कई बार नगर परिषद के अधिकारियों से मिल चुके थे। लोगों की परेशानी को देखते हुए वार्ड पार्षद कुलदीप सैनी के प्रयासों से सड़क का बजट पास हो पाया है। पार्षद ने बताया कि इंटरलॉकिंग सड़क कई जगहों से टूट गई थी, वहीं, बारिश में जलभराव होने के कारण वार्डवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।