संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पुरानी अनाज मंडी स्थित जमींदारा सोसायटी कार्यालय में शनिवार को 500 बैग डीएपी खाद वितरित की गई। इस सप्ताह सोसायटी की ओर से किसानों को 4100 बैग वितरित किए जा चुके हैं। 450 बैग का वितरण होना बाकी है।
शनिवार को केंद्र में 500 बैग डीएपी खाद वितरित की गई। जिले में रबी सीजन में आठ हजार डीएपी व 14 हजार एमटी यूरिया की जरूरत है। इस समय सरसों की बिजाई शुरू होने पर खाद की मांग ज्यादा बनी हुई है। डीएपी की आवक भी पर्याप्त हो रही है।
नवंबर माह में गेहूं की बिजाई का काम शुरू हो जाएगा। इस बार गेहूं की बिजाई का रकबा बढ़ने की उम्मीद है। इस समय जिले में धान का रकबा 37 हजार एकड़ है। 15 दिन में धान की कटाई होने के बाद इन खेतों में गेहूं की बिजाई करना ही किसान के लिए एकमात्र विकल्प है।
नगर स्थित जमींदारा सोसायटी कार्यालय में खाद का वितरण सुबह शुरू किया गया। किसानों को वरीयता क्रम से खाद बांटी जा रही है। शनिवार को 500 बैग खाद वितरित की गई।
मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर दर्ज जमीन के विवरण के अनुसार खाद का वितरण किया जा रहा है। सहकारिता विभाग की ओर से गांवों में स्थित पैक्स समितियोंं के माध्यम से भी खाद बांटी जा रही है ताकि किसानों को अपने नजदीक ही खाद मिल सके।