गाड़ियों की गहन जांच करते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देशानुसार शनिवार रात विशेष को इंटर स्टेट नाका चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक जारी रहा जिसमें पुलिस टीमों ने सघन जांच कर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व डीएसपी बाढड़ा सुभाषचंद्र ने किया। उनके निर्देशन में सीआईए, स्पेशल स्टाफ और जिला पुलिस के करीब 40 पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान को अंजाम दिया।
लाड-भांडवा नाके पर की चेकिंग
नाका गांव लाड-भांडवा पर विशेष चेकिंग के दौरान आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की और वाहन चालकों व यात्रियों से पूछताछ की। साथ ही यातायात नियमों के पालन और सुरक्षा मानकों की भी जांच सुनिश्चित की गई।
156 वाहनों की जांच की
डीएसपी सुभाषचंद्र ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 156 वाहनों की जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 44 चालान किए गए, जिनमें 7 मामले ड्रिंक एंड ड्राइविंग के पाए गए। इसके अलावा एक वाहन को इंपाउंड भी किया गया।
उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, नशीले पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।
पुलिस का सहयोग करने की अपील
डीएसपी सुभाषचंद्र ने कहा कि आगे भी ऐसे विशेष अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।