- यूजी कक्षाओं का दाखिला पोर्टल खोलने की रात को जारी की गई अधिसूचना, पता चलते ही इच्छुक युवाओं ने किया आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से 25 सितंबर को एक दिन के लिए यूजी दाखिला पोर्टल खोला गया। इसमें जिले के चार महाविद्यालयों में 11 युवाओं ने रुचि दिखाई और फीस भरकर अपना दाखिला पक्का किया।
बता दें कि 24 सितंबर रात को निदेशालय की ओर से सभी कॉलेजों को एक दिन के लिए यूजी में आवेदकों के दाखिले करने के आदेश दिए थे। इसमें कुछ आवेदकों को ही दाखिला प्रक्रिया का पता चल पाया, जबकि किसी को बाद में पता चला। लेकिन 15 सितंबर रात को ही निदेशालय की ओर से प्रक्रिया बंद कर दी गई। इस दौरान जनता कॉलेज में पांच आवेदक दाखिला लेने पहुंचे। इसमें बीए व बीकॉम संकाय में एक-एक और बीएससी में तीन दाखिले हुए। एपीजे कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष में मात्र एक छात्रा ने दाखिला लिया। वहीं, बौंदकलां कॉलेज में बीए में दो युवाओं ने दाखिला लिया है।
झोझूकलां महिला महाविद्यालय में बीए, बीएससी व बीकॉम तीनों संकाय में एक-एक सीट पर दाखिला हुआ है। जिले के आठ में से चार कॉलेजों में एक भी दाखिला नहीं हुआ। कुछ संस्थानों में वीरवार को भी आवेदक व अभिभावक दाखिला कराने के लिए पहुंचे। लेकिन, पोर्टल बंद होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। संस्थानों में 40 से 45 फीसदी सीटें अभी खाली हैं। एक दिन के लिए पोर्टल खोले जाने से दाखिला प्रक्रिया पर कोई असर नहीं हुआ। अब संस्थानों में नियमित कक्षाएं लग रही हैं। चुनाव के चलते कुछ कॉलेजों में कक्षाओं के स्थान प्रभावित हुए हैं।
फोटो - 12
जनता पीजी कॉलेज, जहां सबसे अधिक आवेदकों ने रुचि दिखाई। संवाद