भगवान परशुराम चौक के पास डिवाइडर पर बने अवैध कट से गुजरते राहगीर।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। दादरी शहर के भगवान परशुराम चौक से लोहारू चौक तक फोरलेन रोड पर बने डिवाइडर के बीच सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की ग्रिल में बनाए गए अवैध कट हादसों का सबब बने हुए हैं।
अक्सर पैदल राहगीर सड़क के दूसरी तरफ जाने के लिए इन कटों से गुजरते हैं जिससे सड़क से गुजरने वाले वाहनों से टकराकर हादसे होने की आशंका बनी रहती है। वहीं दूसरी ओर बेसहारा पशु इन कटों से अचानक निकलने के कारण वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बने हुए है। यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों ने जिला प्रशासन से अवैध कटों को बंद करवाने की मांग की है, ताकि समय रहते किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
बता दें कि भगवान परशुराम चौक से लोहारू चौक तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे फोरलेन रोड के बीच डिवाइडर बनाया गया है। राहगीरों की सुरक्षा के लिए डिवाइडर के बीच लोहे की ग्रिल लगाई गई है, ताकि सड़क हादसे होने से बचा जा सके, लेकिन स्थानीय लोगों ने ही डेढ़ किलोमीटर लंबे डिवाइडर पर 39 स्थानों से लोहे की ग्रिल हटाकर अवैध कट बना दिए हैं। ऐसे में सड़क पार करने के लिए लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन अवैध कटों से आवागमन करते हैं।