चरखी दादरी। जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद मतदाता सूची की तस्वीर साफ हो गई है। हजारों अपात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इनमें 38,343 वोट कट चुके हैं जबकि मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए 34 नए मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर ने बुधवार को अपने कार्यालय में विशेष पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में व्यापक स्तर पर घर-घर सत्यापन कराया गया।
इसके आधार पर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन किए गए हैं। सुनवाई के लिए अधिकारियों को ड्यूटी लगा दी गई है, दादरी में 8 तो बाढड़ा में 10 एईआरओ की ड्यूटी लगाई गई है जो आपत्तियों पर सुनवाई करेंगे।
निर्वाचन आयोग की ओर से 24 जुलाई को स्वीकृत रेशनलाइजेशन के तहत दादरी और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्रों में पहले कुल 484 मतदान केंद्र थे, जिनकी संख्या अब बढ़ाकर 518 कर दी गई है। इनमें 34 नए मतदान केंद्र शामिल किए गए हैं। जिनमें से 23 मतदान केंद्र दादरी व 11 मतदान केंद्र बाढड़ा के शामिल हैं।
मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ने से मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी और मतदान प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सकेगी।
9.5 प्रतिशत घटी मतदाताओं की संख्या : विशेष गणना प्रक्रिया शुरू होने से पहले दादरी जिले में कुल 4,10,306 मतदाता दर्ज थे। सत्यापन अभियान पूरा होने के बाद यह संख्या घटकर 3,71,963 रह गई है।
इस प्रकार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या में लगभग 9.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।