चरखी दादरी के चंपापुरी स्थित जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय।
चरखी दादरी। जनस्वास्थ्य विभाग ने अवैध पेयजल कनेक्शन करने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया है। अभियान के दौरान टीम ने 300 अवैध पेयजल कनेक्शन मिले हैं। विभाग ने इन लोगों को पेयजल कनेक्शन वैध करवाने के लिए 15 दिन का समय दिया है। इसके बाद पुलिस बल को साथ लेकर विभाग अवैध कनेक्शन काटेगा। इससे पहले विभाग ने नवंबर में शहर के अंदर विशेष अभियान चलाकर पेयजल के करीब 500 अवैध कनेक्शन काटे थे। विभागीय टीमों को जांच के दौरान एक ही मकान में दो से तीन कनेक्शन मिल रहे हैं।
शहर ही नहीं गांवों में भी अवैध पेयजल कनेक्शनों की भरमार बनी हुई है। इनसे एक ओर पानी का प्रेशर कम हो रहा है तो वहीं, विभाग को आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। शहर में करीब आठ हजार से ज्यादा अवैध कनेक्शन हैं। अब विभाग इनके खिलाफ सख्ती से पेश आ रहा है। लोगों ने मुख्य लाइनों में भी अवैध कनेक्शन कर रखे हैं, जिससे लीकेज की समस्या बनने लगी है। इससे पानी की गुणवत्ता भी खराब हो जाती है।
दस्तावेज जांच के दौरान पकड़ में आ रहे अवैध कनेक्शन
विभाग कर्मचारियों द्वारा मालिक से पेयजल कनेक्शन के दस्तावेज चेक किए जाते हैं। इस दौरान अवैध कनेक्शन पकड़ में जा रहे हैं। विभाग अधिकारियों का मानना है कि अवैध पेयजल कनेक्शन कटने के बाद पानी का प्रेशर भी बढ़ेगा, जिससे नियमित एवं वैध कनेक्शन धारकों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सकेगा। पाइप लाइनें भी कंडम नहीं होंगी। विभाग अब इस दिशा में सख्ती से काम कर शुरू कर रखा है। अक्तूबर-नवंबर में शहर में 500 अवैध कनेक्शन काटे गए थे। लोगों ने खाली प्लाटों में भी अवैध कनेक्शन लगा रखे हैं। प्लाटों में सब्जी आदि उगाने का काम करते हैं जिससे पानी की भी बर्बादी होती है।
जिन लोगों ने अवैध कनेक्शन कर रखे हैं वे इसे वैध करवाएं। विभाग ने 300 ऐसे लोगों को नोटिस भेजे हैं जिनके घर में अवैध पेयजल कनेक्शन लगे हैं। नोटिस के बावजूद कनेक्शन वैध नहीं कराया तो इसे काट दिया जाएगा। पुलिस बल की भी मदद ली जा रही है। - जगदीश चंद, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।