माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी। साइबर थाना पुलिस ने हरियाणा पुलिस में कार्यरत एक कर्मचारी का व्हाट्सएप हैक कर ऑनलाइन लोन लेने और खाते से 1.5 लाख रुपये निकालने के मामले में तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों मधुप कुमार, धीरू सिंह और विपिन यादव को शनिवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 13 सितंबर को पुलिसकर्मी अजीत सिंह निवासी खेड़ा थरु, जिला झज्जर, ने शिकायत दी थी कि उनका व्हाट्सएप हैक कर किसी ने 70,000 और 97,720 का ऑनलाइन लोन ले लिया। इसके साथ ही 1,50,000 रुपये उनके निजी बैंक खाते से निकाल लिए।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि 50,000-50,000 रुपये की दो ट्रांजेक्शन पंजाब नेशनल बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी। दोनों खाते मधुप कुमार द्विवेदी निवासी हिम्मतपुर, थाना ललौली, जिला फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के नाम पर थे।
पुलिस टीम ने मधुप कुमार को उसके गांव से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह वारदात उसने अपने दो साथियों धीरू सिंह और विपिन यादव, दोनों निवासी फतेहपुर (यूपी) के साथ मिलकर की थी।
साइबर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।