फोटो- 20
बस का इंतजार कर परेशान हो चुके यात्री रोडवेज कर्मी से बहस करते हुए। संवाद
फोटो: 21
बस की तलाश में घूम रहे बुजुर्ग को बूथ तक पहुंचाते लोग। संवाद
फोटो: 22
बसों की कमी के चलते पायदान पर खड़े होकर सफर करते यात्री। संवाद
फोटो: 23
बस आने के बाद सीट लेने के लिए धक्का-मुक्की करते यात्री। संवाद
फोटो: 24
बसों की कमी के चलते बूथों पर बस लगने का इंतजार करते यात्री। संवाद
- लोकल रूटों से हटाकर सिरसा भेजी गईं डिपो की 28 फीसदी बसें, 30 हजार यात्रियों के लिए नाकाफी रहीं 73 बसें
- बस का इंतजार कर परेशान हो चुके यात्री रोडवेज कर्मी से उलझे, बस में सीट के लिए आपस में भी हुई कहासुनी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सिरसा में आयोजित प्रदेशस्तरीय संत कबीर जयंती समारोह में 28 बसें भेजने का खामियाजा दिनभर यात्रियों ने भुगता। बेड़े में शामिल 28 फीसदी बसें सिरसा भेजने के बाद डिपो में केवल 73 बसें बचीं, जो 30 हजार यात्रियों के लिए नाकाफी रहीं। बसों का लंबा इंतजार करने से यात्री परेशान रहे। कभी आपस में तो कभी विभागीय कर्मचारियों से बहस करते नजर आए।
बुधवार को सिरसा में आयोजित प्रदेशस्तरीय संत कबीर जयंती समारोह के लिए जिले के श्रद्धालुओं को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से 28 बसों को रवाना किया गया था। लेकिन, पहले से ही बसों की कमी से जूझ रहे दादरी परिवहन डिपाे के बेड़े में बसों की कमी के चलते यात्रियों को अनेक परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। हालात ऐसे बने कि यात्रियों को एक से दो घंटे इंतजार करना पड़ा।
वहीं, बसों की कमी के कारण अधिकतर यात्रियों को जान जोखिम में डालकर बसों के पायदान पर खड़े होकर सफर करना पड़ा। यात्रियों का कहना है कि जब भी कोई सरकारी कार्यक्रम होता है तो उसमें रोडवेज बसें भेज दी जाती हैं। बाद में आमजन को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। दूसरी ओर मौके का फायदा उठाकर समिति की बसों ने ज्यादा फेरे लगाकर चांदी कूटी।
- इन रूटों से हटाकर सिरसा भेजी गईं बसें
परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, सिरसा भेजने के लिए स्थानीय रूटों से 28 बसों को कम किया गया है। परिवहन विभाग ने सुबह 8:40 बजे दादरी से चंडीगढ़ जाने वाली बस, 7:30 बजे दादरी-सिरसा, 1:50 बजे बाढड़ा-चंडीगढ़, 7 बजे भिवानी-सारंगपुर, 3:30 भिवानी से बाढड़ा, 7:20 बजे चंदेनी-बाढड़ा, 10:30 बजे दादरी से नूंह, 8:20 बजे दादरी से रोहतक, 11:40 बजे बाढड़ा से लोहारू, 8:30 बजे दादरी से कनीना, सुबह 5:51 बजे दादरी से गुरुग्राम, 10 बजे दादरी से भिवानी, 8:30 मातनहेल से दादरी, 3 झज्जर से दादरी के लिए रवाना होनी वाली बसों के रूट कम किए।
- दिनभर भटकते रहे यात्री, गर्मी ने बढ़ाई परेशानी
दादरी परिवहन विभाग के बेड़े में 101 बसें शामिल हैं। इनके अलावा, 15 बसें किलोमीटर योजना के तहत चलाई जाती हैं। बुधवार को रोडवेज की 73 बसें नाकाफी रहीं। यात्री बस स्टैंड पर भटकते नजर आए। इतना ही नहीं, गर्मी ने उनकी परेशानी और बढ़ाए रखी।
वर्सन:
प्रशासन की ओर से हमें 28 बसें सिरसा भेजने के आदेश मिले थे। हमने बसों को रवाना करने के साथ ही यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यस्था करते हुए डिपो के बेड़े में बचीं बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाए, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
-बलजीत सिंह, डीआई, दादरी परिवहन डिपो