हर्डल रेस, 10 हजार मीटर,ऊंची कूद व ज्वेलिन थ्रो आदि खेलों में भाग्य आजमाएंगे खिलाड़ी
फोटो 10 : अभ्यास करते हुए खिलाड़ी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। आगामी दो से सात नवंबर तक होने वाले राज्य ओलंपिक खेलों के लिए जिले से 25 सदस्यीय एथलीट टीम का चयन किया गया है। ये खिलाड़ी एथलीट के विभिन्न इवेंट में भाग लेंगे। इसके लिए खिलाड़ी अभ्यास में जुटे हैं। कोच सुबह-शाम अभ्यास करवा रहे हैं।
जिले में 15 राजीव गांंधी व छह मिनी खेल स्टेडियम हैं। जिले में 27 खेल नर्सरियां भी हैं, जिनमें खिलाड़ी पसीना बहा रहे हैं। एक खेल नर्सरी में 25 खिलाड़ी हैं।
खासकर केंद्र सरकार खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में समय-समय पर विभिन्न रूपों में खेल स्पर्धाएं करवा रही हैं। पहले इस प्रकार राज्यस्तर पर ओलंपिक खेल नहीं होते थे। इसी प्रकार सरकार की ओर से खेलो इंडिया नाम से स्पर्धाएं करवाई जाती हैं, जिनमें सभी राज्यों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को डाइट भत्ता भी पर्याप्त दिया जाने लगा है। प्राइवेट व सरकारी खेल नर्सरियां भी खोल रखी हैं।
जिले के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर ला रहे हैं। कुश्ती, एथलेटिक्स, वॉलीबाल, कबड्डी, मुक्केबाजी, कराटे व फुटबाल में शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं। एथलीट में भी खिलाड़ी उम्दा प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, जिले में कोच की संख्या कम है फिर भी खिलाड़ी मेहनत के बल पर आगे बढ़ रहे हैं।
आगामी दो से सात नवंबर तक होने वाले राज्य ओलंपिक खेलों में जिले से 25 खिलाड़ियों का दल भाग लेगा। इस दल में 1500 मीटर दौड़ में मोहन, 400 मीटर दौड़ में आशीष फोगाट, जैवलीन थ्रो में साहिल, स्नेह 100 मीटर रेस में अपना भाग्य आजमाएगी। 110 मीटर हर्डल रेस में भीम, 3000 मीटर स्टेपल चेस में भीम मान, हैमर थ्रो हर्ष व शॉटपुट खेल में अतुल का चयन हुआ है।
इसी प्रकार, ट्रिपल जंप में कृष्ण कुमार का चयन हुआ है। 100 मीटर हर्डल रेस में मोनिका व दीक्षा, 10 हजार मीटर रेस में तनु, 10 हजार मीटर रेस वॉक में प्रीति भाग लेगी। 1500 मीटर रेस में प्रगति, 400 मीटर हर्डल रेस में मोनिका, सरिता व दीक्षा का चयन किया गया है।
5000 मीटर रेस में तनु व तनु भाग्य आजमाएंगी। हैमर थ्रो में अंजलि, जोनिका पहल ऊंची कूद और शॉटपुट खेल में पूजा व शिक्षा भाग लेंगी। एथलीट कोच बिजेंद्र सिंह खिलाड़ियाें को खेल के गुर सिखा रहे हैं।
वर्सन :
खिलाड़ी राज्य ओलंपिक खेलों की तैयारी कर रहे हैं। जिले के खिलाड़ी ओलंपिक खेलों में उम्दा प्रदर्शन करेंगे। कोच सुबह-शाम खिलाड़ियों को अभ्यास करवा रहे हैं।
-विष्णु भगवान, जिला खेल अधिकारी, दादरी।