फोटो 7 : दादरी के कॉलेज रोड स्थित जनता पीजी कॉलेज। फाइल फोटो
विद्यार्थी 27 अक्तूबर रात 11:59 बजे तक प्रवेश फॉर्म भर सकेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए एक बार फिर राहत का मौका दिया है। विभाग ने कॉलेजों और विद्यार्थियों की मांग को ध्यान में रखते हुए दाखिला पोर्टल को पुनः खोलने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय के बाद अब चरखी दादरी के सभी काॅलेजों के विद्यार्थी 27 अक्तूबर रात 11:59 बजे तक प्रवेश फॉर्म भर सकेंगे। यह मौका उन विद्यार्थियों के लिए आखिरी अवसर माना जा रहा है, जो किसी कारणवश पहले प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए थे।
उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के महानिदेशक की ओर से प्रदेश के सभी कॉलेजों को एक पत्र जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि विद्यार्थियों व कॉलेजों से प्रार्थनापत्र मिल रहे थे कि कॉलेज में दाखिले की प्रक्रिया को कुछ समय के लिए फिर से शुरू किया जाए। इसे देखते हुए 27 अक्तूबर तक एडमिशन पोर्टल सभी कक्षाओं के लिए खोल दिया है।
पत्र में कहा गया है कि विद्यार्थियों के दाखिले की प्रक्रिया को समय पर पूरा करें और किसी भी विद्यार्थी को तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से वंचित न रहने दें। इसके तहत बीए, बीकॉम, बीएससी प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष के विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं।
वंचित विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ : डाॅ. नीरज
दादरी जनता पीजी काॅलेज के दाखिला नोडल अधिकारी डाॅ. नीरज गर्ग ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने अंतिम बार विद्यार्थियों को दाखिले का मौका दिया है। जो विद्यार्थी किसी भी कारण से दाखिला नहीं ले पाए थे वे अब 27 अक्तूबर तक कॉलेज में व्यक्तिगत रूप या ऑनलाइन तरीके से दाखिला ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई का सत्र शुरू हो चुका है। ऐसे में यह अंतिम मौका है। इसके बाद पोर्टल नहीं खोला जाएगा। जो विद्यार्थी दाखिला नहीं ले पाए थे, वे जल्द अपना दाखिला करवाएं।
कॉलेजों और विद्यार्थियों दोनों को राहत
कई कॉलेजों ने विभाग को लिखित अनुरोध भेजकर यह मांग की थी कि दाखिला पोर्टल को एक बार फिर से खोला जाए, क्योंकि बड़ी संख्या में विद्यार्थी विभिन्न कारणों से फॉर्म नहीं भर पाए थे। इनमें से कई विद्यार्थी ऐसे थे, जिनके दस्तावेज अपलोड करने में तकनीकी दिक्कत आई। कुछ विद्यार्थी परिणाम में देरी या वित्तीय कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर सके। कॉलेजों ने भी बताया था कि कुछ सीटें खाली रह गई हैं, जिन्हें भरने के लिए एक और मौका जरूरी है।