बस स्टैंड परिसर पर एडवांस बुकिंग करवाने पहुंची परीक्षार्थी।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। महिला सिपाही भर्ती की 550 परीक्षार्थियों को रोडवेज बसों के जरिये विभिन्न जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया। शनिवार को आयोजित परीक्षा के लिए डिपो की 19 बसें चलीं। इनमें से छह बसों को शुक्रवार रात और 13 को शनिवार सुबह रवाना किया गया। दूसरी ओर शनिवार को शाम तक रविवार की परीक्षा के लिए एडवांस बुकिंग की गई। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार रविवार को चार जिलों में 37 बसें भेजी जाएंगी। इन बसों का शेड्यूल सुबह और शाम की शिफ्ट के मुताबिक तैयार किया गया है।
महिला सिपाही भर्ती के लिए जिले की परीक्षार्थियों के पांच जिलों में केंद्र आए हैं। इसके लिए वीरवार से एडवांस बुकिंग प्रक्रिया जारी है। सुबह की शिफ्ट के लिए छह बसों को शुक्रवार रात ही रवाना कर दिया गया जबकि 13 बसें शनिवार सुबह भेजी गईं। इन बसों में 550 परीक्षार्थियों परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे। शनिवार की परीक्षा देने के लिए जिले के एक हजार से अधिक परीक्षार्थी गए। इनमें से 40 फीसदी निजी वाहनों से तो 60 फीसदी रोडवेज बसों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। रविवार की परीक्षा के लिए शनिवार को एडवांस बुकिंग के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ी रही। रविवार की परीक्षा के लिए 2000 से अधिक परीक्षार्थियों ने एडवांस बुकिंग करवाई। परीक्षा केंद्रों तक बसें भेजने से रोडवेज को भी फायदा होगा।
आज इन जिलों में जाएंगी अतिरिक्त बसें
रविवार की परीक्षा के लिए पंचकूला दो अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी। यमुनानगर में पांच बसें अतिरिक्त चलेंगी। अंबला रूट पर भी परीक्षार्थियों के लिए चार अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी। कुरुक्षेत्र रूट पर भी आज चार अतिरिक्त बसें चलेंगी। करनाल रूट पर भी चार अतिरिक्त बसें चलाने के लिए एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
महिला सिपाही भर्ती की उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी गई है। हमारा प्रयास रहेगा कि रविवार की परीक्षा के लिए सभी परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाए। शनिवार को हमने इसके लिए एडवांस बुकिंग भी की है।
रविश हुड्डा, जीएम, चरखी दादरी डिपो