चरखी दादरी। भिवानी में 25 से 27 जनवरी तक लगने वाली राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में चरखी दादरी जिले के पशुपालक और किसान आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए 18 बसें लगाई गई हैं। तीनों दिन हर रोज 18 बसें पशुपालकों को चरखी दादरी से भिवानी लेकर जाएंगी। बसों का रोड मैप भी तैयार किया गया है। ऐसे मार्ग तय किए गए हैं कि जिले के सभी गांवों को कवर किया जा सके। चरखी दादरी डिपो की 12 बसें और लोहारू सब डिपो की छह बसें जाएंगी। ऐसे में पहले ही बसों की कमी की परेशानी झेल रहे चरखी दादरी डिपो की परिवहन व्यवस्था तीन दिन बिल्कुल बिगड़ी नजर आएंगी। नारनौल, चंडीगढ़, कनीना, सतनाली, बहु झोलरी, भिवानी, रोहतक रूट पर बसों की संख्या में कटौती की गई है। इतना ही नहीं, विद्यार्थियों को कॉलेजों तक पहुंचाने वाली पांच बसों की ड्यूटी भी पशुपालकों को भिवानी प्रदर्शनी में ले जाने और लाने में लगाई गई है।
चरखी दादरी रोडवेज डिपो में फिलहाल 90 बसें है, जो विभिन्न रूटों पर दौड़ रही हैं। यहां पहले ही कंडम बसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और नई मिलने वाली 30 बसों का इंतजार लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में रोडवेज प्रबंधन के सामने भी व्यवस्था बनाने में पसीने छूट रहे हैं। लोकल रूट खासकर ग्रामीण रूट पहले ही काफी प्रभावित हैं और अब तीन दिन तक समस्या और ज्यादा गहरा जाएगी। औसतन हर रोज 20 हजार यात्री रोडवेज बसों में सफर करते हैं।
------
ये रूट होंगे प्रभावित -
पशु मेले के तीनों दिन 18-18 बसों की चरखी दादरी से ड्यूटी लगाई है। इनमें 12 दादरी डिपो और छह लोहारू सब डिपो से है। दादरी डिपो में फिलहाल कनीना जाने वाली एक बस, सतनाली जाने वाली एक, एक बस बहु झोलरी रूट की, एक बस भिवानी रूट से, एक बस रोहतक रूट की और नारनौल, चंडीगढ़ जाने वाली दो बसों की कटौती की गई है। यानी इन रूटों पर अब यात्रियों को परेशानी झेलनी होगी और बसों का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। तीन दिन के दौरान 25 हजार से अधिक यात्री प्रभावित होने की संभावना है।
--------
ये रहेगा बसों का रोडमैप -
बस 25 जनवरी 26 जनवरी 27 जनवरी
01. मिसरी-सौंफ-कासनी फतेहगढ़-पैंतावास कलां मिसरी-मिर्च-कासनी
02. नौसवा-चिड़िया-दतौली, दुधवा-छिल्लर मकड़ाना-मकड़ानी, मौड़ी-रामनगर नौसवा-चिड़िया-दुधवा-छिल्लर
03 इमलोटा-बिगोवा-मोरवाला सांवर-हिंडौल आदमपुर दाढी-झोझू कलां
04 महराना-पातुवास-ढाणी फौगाट वाया ददरी अचीना-बास-रानीला भागवनी-कन्हेटी-मोरवाला
05. छपार-डोहकी नीमली-सांतोर-सरूपगढ़ अटेला कलां-डोहका दीना-छपार
06. ऊन-बौंद कलां महराना मनकावास- चरखी
07. गुढाना-झोझू कलां झोझू कलां खातिवास-कामौद-रावलधी
08. नौरंगाबास जाटान-बधवाना लोहरवाड़ा-समसपुर-रावलधि रणकौली-बौंद कलां
09. झिंझर-भोगश्वरी बौंद कलां नीमड़ी-मालकोष-सांकरोड
10. रानीला घसौला-रामनगर-दादरी बलकरा-मकड़ानी-मोड़ी
11. सांजरवास-फौगाट-सांकरोड बिरही कलां-बरसाना घिकाड़ा-साहुवास-पैंतावास कलां
12. तिवाला-मेहरा-बिरही कलां चांगरोड-बधवाना मंदौला-मंदौली-दादरी
वर्जन
पशु प्रदर्शनी के लिए चरखी दादरी से हर रोज 18 बसें पशुपालकों को भिवानी लेकर जाएंगी। इसके लिए रोड मैप बनाया गया है। बसों की संख्या कम है और बसें प्रदर्शनी में जाने के कारण परिवहन व्यवस्था प्रभावित होगी। जहां ज्यादा चक्कर लगते हैं, वहां बसों की संख्या कम की गई है।
- सतेंद्र सहरावत, डीआई, चरखी दादरी रोडवेज डिपो।