संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव नरसिंहवास स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य कक्ष और कंप्यूटर लैब से 16 इन्वर्टर बैटरियां चोरी हो गईं। प्राचार्य सज्जन सिंह ने सदर पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दी है। इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, एफएसएल टीम ने भी सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
सज्जन सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्कूल के सभी ताले बंद किए गए थे। अगले दिन सुबह 6 बजे स्कूल का चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी स्कूल में आया तो उसे मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। जब अंदर गया तो प्राचार्य कक्ष, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, लिपिक कक्ष व हॉल के दरवाजे का ताला टूटा मिला। इसके बाद उसने प्राचार्य को इसकी जानकारी दी।
फिर प्राचार्य ने स्कूल आकर देखा तो कमरों में रखीं आलमारियों के ताले टूटे हुए थे। राहत की बात रही कि स्कूल का रिकॉर्ड दुरुस्त मिला। लेकिन, लिपिक कक्ष से दो और कंप्यूटर लैब से 14 इन्वर्टर बैटरियां चोरी मिलीं। इसके बाद वे सीसीटीवी जांचने लगे तो कक्ष में डीवीआर भी नहीं मिला।
गणतंत्र दिवस के लिए साउंड सिस्टम जांचा तो दो स्पीकर चोरी पाए गए। साथ ही प्राचार्य कक्ष गेट पर लगा सीसीटीवी भी टूटा हुआ मिला। अब प्राचार्य ने पुलिस से चोरों का पता लगाकर सामान बरामद कराने की मांग की है।