चरखी दादरी का राजकीय पीजी कॉलेज।
चरखी दादरी। भैरवी स्थित राजकीय पीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के सोमवार तक 143 आवेदन पहुंचे हैं। इसके अलावा छह विद्यार्थियों ने सोमवार को संस्थान में जाकर बीए संकाय में ऑफलाइन आवेदन किया है।
प्राचार्य पवन कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार को बीए में दाखिले के लिए 31 और बीकॉम में दो आवेदन पहुंचे। प्राचार्य ने बताया कि संस्थान में कुल 320 सीटों पर दाखिले होने हैं। बीए में 240 और बीकॉम में 80 विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि संस्थान में किसी प्रकार की कोई रेंगिंग, नशा व प्रदूषण आदि परेशानी नहीं होती।
छात्राओं के बैठने के लिए अलग लॉन व फ्री बस पास सुविधा है। साथ ही विद्यार्थी किसी भी विषय का चयन कर सकते हैं। संस्थान में विद्यार्थी हाईटेक भूगोल लैब, भाषा लैब व कंप्यूटर लैब का लाभ उठा सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए पेयजल व हर मौसम में बैठने की उचित व्यवस्था है। खेल में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भी खेल सुविधाएं हैं।
प्राचार्य ने कहा कि चिड़िया रोड पर कॉलेज के नए भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इस संबंध में प्रक्रिया जारी है। इसी साल जुलाई तक भवन निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। भवन बनने के बाद विद्यार्थियों के लिए कोर्स व अन्य सुविधाओं में इजाफा किया जाएगा। प्राचार्य विद्यार्थियों के लिए हर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अपनी ओर से पूरी कोशिश कर रहे हैं।