चरखी दादरी। पीडब्ल्यूडी 27 करोड़ आठ लाख रुपये खर्च कर जिले की 14 सड़कों का निर्माण करवाएगा। इसके लिए विभाग ने अंतिम स्वीकृति के लिए फाइल मुख्यालय भेजी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द से जल्द औपचारिकताएं पूरी कर इन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास है। इन सड़कों का निर्माण होने से तीस हजार से अधिक वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
दरअसल, पीडब्ल्यूडी ने जिन सड़कों की दशा सुधारने की योजना तैयार की है उनमें मुख्यमार्गों समेत अप्रोच सड़कें भी हैं। लंबे समय से इन सड़कों की सुध नहीं ली गई है जिसके चलते ये जर्जर हैं। इसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहन चालक भारी परेशान हैं। लोग इन सड़कों का निर्माण कराने की मांग लगातार उठा रहे हैं और अब जाकर उनकी यह मांग परवान चढ़ते नजर आ रही है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इन सड़कों में शहर से होकर गुजरने वाला एनएच-148-बी मुख्यमार्ग भी शामिल है। सभी 14 सड़कों का एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है और अंतिम स्वीकृति के लिए फाइल मुख्यालय भेजी गई है। जल्द ही इसे स्वीकृति मिलने की उम्मीद है और इसके तुरंत बाद टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। इस प्रक्रिया के बाद एजेंसी का चयन कर वर्क ऑर्डर जारी कर धरातल पर काम शुरू करवाया जाएगा।
- सांकरोड रोड का 1.32 करोड़ से होगा निर्माण
पीडब्ल्यूडी की ओर से सांकरोड रोड का भी पुनर्निर्माण करया जाएगा। करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क बनाने पर एक करोड़ 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। अहम बात यह है कि विभाग इस रोड की चौड़ाई भी बढ़ाएगा।
- एनएच-148-बी का 3.80 कि.मी. लंबाई में होगा निर्माण
एनएच-148 बी के शहरी क्षेत्र के टुकड़े का भी पुनर्निर्माण करवाया जाएगा। इस मुख्यमार्ग का 3.80 किलोमीटर की लंबाई में निर्माण होगा। इसके निर्माण पर पांच करोड़ 22 लाख रुपये की लागत आएगी। प्रदेश सरकार की स्कीम के तहत इसका निर्माण करवाया जाएगा।
- इन सड़कों के निर्माण पर दो करोड़ से अधिक की राशि होगी खर्च
कितलाना-छपार रोड के निर्माण पर चार करोड़ 16 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा दादरी-लोहारू बाईपास निर्माण पर तीन करोड़ 25 लाख रुपये खर्च होंगे। हिंडोल अप्रोच रोड के निर्माण पर दो करोड़ 76 लाख की राशि खरर्च की जाएगी। वहीं, खरक-मालपोष रोड निर्माण पर दो करोड़ दो लाख की लागत आएगी।
- इन सड़कों का भी होगा निर्माण
- 2.86 करोड़ से झिंझर-जयश्री रोड का होगा निर्माण
- 67.22 लाख से जयश्री अप्रोच रोड का होगा निर्माण
- नीमली से शिव मंदिर रोड निर्माण पर 36 लाख आएगी लागत
- पैंतावास कलां रोड के निर्माण पर 89.79 लाख होंगे खर्च
- उण-पिलाना रोड का 1.51 करोड़ से होगा निर्माण
- मिर्च अप्रोच रोड के निर्माण पर 1 करोड़ 17 लाख आएगी लागत
- मिर्च-सौंप रोड निर्माण पर 67 लाख आएगी लागत
- बौंदकलां-मालपोष रोड निर्माण पर 16.88 लाख आएगी लागत
14 सड़कों के निर्माण का एस्टीमेट तैयार किए जा चुका है। जल्द से जल्द काम शुरू कराने की योजना है और इसके लिए फाइल मुख्यालय भेजी गई है।
-कृष्ण कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी