फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: एनएमएमएस परीक्षा के लिए 1211 विद्यार्थियों ने कराया पंजीकरण

Thu, 07 Nov 2024 02:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दादरी राजकीय स्कूल के अंदर कक्षा में मौजूद विद्यार्थी।
विज्ञापन
चरखी दादरी। राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) के लिए जिले के 1211 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। अब ये विद्यार्थी 17 नवंबर को अपने केंद्र पर जाकर परीक्षा देंगे। इसके लिए वो आज से एडमिट कार्ड भी निकलवा सकेंगे।
विज्ञापन

जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फोगाट ने बताया कि राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के लिए राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति दी जाती है। जिले में 17 नवंबर को परीक्षा का आयोजन किया जाएगा और इसके लिए तैयारी अभी चल रही है। अभी बोर्ड से परीक्षा केंद्रों की सूची आनी शेष है। परीक्षा केंद्रों की सूची के आने के बाद ही सभी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी और परीक्षा से पहले तैयारियां करवा दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हरियाणा (एससीईआरटी) की ओर से राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इसमें केवल आठवीं कक्षा के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं और परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों को सालाना 12 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस योजना का लाभ विद्यार्थी को 12वीं कक्षा तक हर माह छात्रवृत्ति के रूप में मिलेगा। परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा विद्यार्थियों को हर माह एक हजार रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी और इसमें केवल सरकारी स्कूल के विद्यार्थी ही शामिल हो सकते हैं।
विज्ञापन


ये रहेगा परीक्षा का पाठ्यक्रम
जिला विज्ञान विशेषज्ञ वीनू शर्मा ने बताया कि एनएमएमएस लिखित परीक्षा में मानसिक योग्यता परीक्षण के लिए एक-एक अंक के 90 बहु-विकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद दूसरे भाग में विज्ञान, गणित व सामाजिक विज्ञान तीन विषय शामिल रहेंगे। इसमें विज्ञान के 35 प्रश्न, गणित के 20 और सामाजिक विज्ञान के 35 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनके लिए 180 मिनट का समय दिया जाएगा। परीक्षा में सभी प्रश्नों का उत्तर देना अनिवार्य रहेगा। परीक्षा के लिए कोई सीमित पाठ्यक्रम नहीं है। इसमें आठवीं कक्षा तक हरियाणा व केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबंधित पाठ्यक्रम रहेगा।

चयनित विद्यार्थियों को अपनानी होगी ये विधि
केवल मेधावी सूची में नाम आने के बाद विद्यार्थी को छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। इसके लिए चयनित विद्यार्थी को एनएसपी पोर्टल पर आवेदन करना होगा। मेधा सूची में नाम आने पर आय प्रमाणपत्र प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट या अन्य सक्षम अधिकारी से बनवाकर जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में जमा करवाना होगा। अनुसूचित जाति या जनजाति के विद्यार्थियों को जाति प्रमाणपत्र बनवाकर ऑनलाइन आवेदन के समय अपलोड करना होगा। बिना अपलोड किए उन्हें सामान्य वर्ग में माना जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें