संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं अध्यापक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। परीक्षा में आठवीं कक्षा तक के वे विद्यार्थी भाग ले सकते हैं, जो राजकीय स्कूलों में अध्ययनरत हैं।
परीक्षा के लिए अब तक जिले से 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवा लिया है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर निर्धारित की गई है, जबकि परीक्षा का आयोजन 19 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप सरकार की ओर से हर वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों के लिए शिक्षा की राह को आसान बनाने में सहायक होगी।
शिक्षा विभाग की ओर से बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से निरंतर नई योजनाएं लागू की जा रही हैं। विज्ञान और गणित विषयों में विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर विज्ञान प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, कक्षा पांचवीं तक भाषा कौशल पर विशेष ध्यान देते हुए एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) कार्यक्रम के तहत कक्षा दो और तीन के विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
शिक्षकों को भी समय-समय पर नई शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से पढ़ा सकें और उनमें विषयों के प्रति रुचि विकसित की जा सके।