धनतेरस और छोटी दिवाली पर बिजली फॉल्ट ने लोगों को काफी परेशान किया। दादरी शहर में ही फॉल्ट संबंधी 100 शिकायतें मिलीं जिनमें से 94 का समाधान किया गया। वहीं, जिले की बात करें तो 250 शिकायतें प्राप्त हुईं, इनमें से 232 का समाधान किया गया। वहीं, निगम अधिकारियों का तर्क है कि ज्यादा से ज्यादा शिकायतों का जल्द समाधान करने का प्रयास टीमों की ओर से किया गया।
शहर में दिवाली पर्व पर 48 घंटे तक निर्बाध बिजली आपूर्ति करने के लिए निगम ने 14 टीमों का गठन किया। निगम के कर्मचारियों का कहना है कि नियम अनुसार एक शिकायत का समाधान करने के लिए चार घंटे का अधिकतम समय निर्धारित रहा, लेकिन टीमें उससे पहले ही फॉल्ट ठीक करने पहुंच गईं। कुछ जगहों पर फॉल्ट ठीक करने में समय अधिक लगा। शुक्रवार को निगम के पास जो भी शिकायतें पहुंची और सभी का जल्द से जल्द समाधान किया गया।
-12 फीडर से होती है शहर में बिजली सप्लाई
शहर के 17 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति करने के लिए कुल 2160 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इन ट्रांसफार्मरों तक 12 फीडरों के जरिये बिजली आपूर्ति पहुंचती है। शनिवार की बात करें तो बस स्टैंड और घिकाड़ा रोड फीडर पर सबसे अधिक फॉल्ट आए।
निगम टीमों ने ज्यादा से ज्यादा फॉल्ट को जल्द से जल्द दूर करने का प्रयास किया। दिवाली के मद्देनजर हमने पहले से तैयारियां की हुई थीं। कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति बहाल करने में थोड़ा समय जरूर लगा और इसका कारण फॉल्ट बड़ा होना रहा।
-
सुदीप कुमार, एसडीओ, बिजली निगम