बौंदकलां (चरखी दादरी)। ऊण गांव की पूर्व महिला सरपंच और ग्राम सचिव के खिलाफ बौंदकलां थाने में गबन का केस दर्ज हुआ है। दोनों ने सांठगांठ से कई झूठी रसीदें तैयार कर एक लाख 40 हजार रुपये का गबन किया है। पंचायत विभाग के अधिकारियों ने सीएम विंडो पर की गई एक शिकायत की जांच के बाद छह साल पहले हुए इस गबन का खुलासा किया है।
सूत्रों के अनुसार ऊण निवासी भूप सिंह ने सीएम विंडो पर एक शिकायत सौंपी थी। इसमें गांव की पूर्व सरपंच कमलेश और ग्राम सचिव मुकेश पर पंचायत फंड में गबन करने के आरोप लगाए थे। सीएम विंडो पर आई शिकायत की जांच पंचायत विभाग को सौंपी गई थी। अब अधिकारियों ने जांच पूरी कर ली है। जांच में सामने आया कि पूर्व महिला सरपंच और ग्राम सचिव ने कई झूठी रसीदें तैयार कर पंचायत फंड से राशि निकलवाई है। बौंदकलां खंड एवं पंचायत विकास अधिकारी सुभाष चंद ने पुष्टि करते हुए बताया कि जांच में 1,40,300 रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पूर्व महिला सरपंच और ग्राम सचिव के खिलाफ धारा 420 और 409 के तहत केस दर्ज करवाया गया है।