चंडीगढ़। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में कार्यरत महिला मल्टीपर्पज हेल्थ वर्करों (एमपीएचडब्ल्यू) की लंबित मांगों को लेकर हरियाणा एमपीएचडब्ल्यू (फीमेल) एसोसिएशन ने 6 नवंबर को पूरे प्रदेश में सिविल सर्जन कार्यालयों पर रोष प्रदर्शन का ऐलान किया है। ऐसे में छह नवंबर को मरीजों को दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं।
एसोसिएशन के राज्यस्तरीय पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक के बाद जारी बयान में प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला देवी, महासचिव सहदेव आर्य और उपप्रधान सुदेश रानी ने कहा कि महिला स्वास्थ्य कर्मियों की मूलभूत मांगों को सरकार लगातार अनदेखा कर रही है।
उन्होंने कहा कि समान कार्य के लिए समान वेतन के उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद एनएचएम में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कर्मी आज भी नाममात्र वेतन पर काम करने को मजबूर हैं। कहा कि कर्मचारियों के लिए ड्रेस भत्ता, यात्रा भत्ता, एमसीएच भत्ता और सेवानिवृत्ति लाभ तक का प्रावधान नहीं किया गया है जो बेहद चिंताजनक है। ब्यूरो