फोटो संख्या : 35
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से कराई जाने वाली भर्तियों की परीक्षा में 35 फीसदी अंक लाने की अनिवार्यता को खत्म कराने के लिए संघर्षरत अभ्यर्थियों ने अब आंदोलन को व्यापक रूप देने का फैसला लिया है। अपनी मांग के प्रति छात्रों का समर्थन जुटाने के लिए अभ्यर्थियों ने अब विश्वविद्यालयों में भी प्रदर्शन करने का फैसला लिया है। इसके लिए संघर्ष समिति ने तिथियां तय कर दी हैं। पंचकूला में आयोग के खिलाफ अभ्यर्थियों का धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा।
धरने में शामिल अभ्यर्थियों मोनिका, जसबिंदर आदि ने बताया कि अब आंदोलन चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। पंचकूला स्थित धरना स्थल पर आयोजित बैठक में तय किया गया है कि 8 जनवरी को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में दयानंद चाैक से विश्वविद्यालय के गेट नंबर 2 तक प्रदर्शन किया जाएगा। 9 जनवरी को पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के स्टूडेंट सेंटर पर प्रदर्शन किया जाएगा। 10 जनवरी को चाैधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के निकट बाईपास से कचहरी गेट तक मार्च निकाला जाएगा। 12 जनवरी को भिवानी कोर्ट से चाैधरी बंशीलाल विश्वविद्यालय तक प्रदर्शन किया जाएगा। 13 जनवरी को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के परिसर में प्रदर्शन किया जाएगा।