चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने रोहतक में बास्केटबॉल पोल गिरने से राष्ट्रीय स्तर के युवा खिलाड़ी की मौत को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के स्टेडियम जर्जर हालत में हैं । कहीं पोल टूटे हुए हैं तो कहीं ट्रैक उखड़े हैं और कई स्थानों पर घास उगी पड़ी है। रोहतक की घटना में ढांचा नहीं, खिलाड़ियों का भरोसा टूटा है।
ढांडा ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रोहतक पहुंचकर पीड़ित परिवार का दुख बांट रहे हैं और खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इवेंट प्रमोशन में व्यस्त रहे।
उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री संवेदनशील मौके पर भी परिवार से मिलने नहीं गए। आप नेता ने कहा कि हाल में दो युवा खिलाड़ियों की मौत साबित करती है कि हरियाणा में खेल सुविधाओं की हालत बदतर है।
स्टेडियमों की खस्ताहालत पहले से सब जानते थे पर सरकार और प्रशासन ने जोखिम को गंभीरता से नहीं लिया। कहा कि जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए। ब्यूरो