- श्रमिकों को कैंटीन में मिलेगा 10 रुपये में पौष्टिक भोजन, तीन और कैंटीनें खोलने की है योजना
चंडीगढ़। हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एचएसआईआईडीसी) ने आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) मानेसर के सेक्टर-4 और सेक्टर-5 में दो अटल श्रमिक किसान कैंटीनों का संचालन शुरू कर दिया है। इन कैंटीनों के शुभारंभ के साथ क्षेत्र में श्रमिक कल्याण सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
एचएसआईआईडीसी ने आईएमटी मानेसर में पांच स्थानों की पहचान अटल श्रमिक किसान कैंटीन खोलने के लिए की है। शेष तीन कैंटीनों को भी जल्द ही खोलने की तैयारी है। इन कैंटीनों का निर्माण उद्योग जगत व प्रमुख औद्योगिक संगठनों के सीएसआर सहयोग से किया जा रहा है। कैंटीनों का संचालन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। हरियाणा सरकार की अटल श्रमिक किसान कैंटीन योजना के तहत श्रमिकों को केवल 10 रुपये में पौष्टिक और स्वच्छ भोजन थाली उपलब्ध कराई जाएगी। ब्यूरो