- 2 अक्तूबर को गांवों में होगा रिफॉर्म उत्सव, ग्रामीण बताएंगे अपनी जरूरतें
- योजनाओं की जानकारी के साथ मौके पर होंगे सवाल-जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 2 अक्तूबर की ग्राम सभा इस बार सिर्फ बैठक की औपचारिकता पूरी करने वाली नहीं होगी। गांवों में रिफॉर्म उत्सव के तहत लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और उनसे पूछा जाएगा कि गांव में किस काम की सबसे ज्यादा जरूरत है। ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव दर्ज होंगे। इनमें से जरूरी सुझावों को गांव की विकास योजना में शामिल किया जा सकेगा।
ग्राम सभा में ग्रामीणों को बताया जाएगा कि कौन सी योजना उनके काम की है। इसका लाभ कौन ले सकता है और आवेदन कैसे करना है। इसके लिए पोस्टर, पर्चे, चित्र और छोटे वीडियो के जरिए जानकारी दी जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे ताकि ग्रामीण सीधे सवाल पूछ सकें।
गांव की जरूरत पर होगी खुली बात
ग्रामीण सड़क, पानी, सफाई, खेती, रोजगार, स्कूल, स्वास्थ्य या दूसरी समस्याएं ग्राम सभा में रख सकेंगे। उनके सुझावों को दर्ज किया जाएगा। इससे गांव में आगे होने वाले काम तय करने में मदद मिलेगी। यानी ग्रामीण सिर्फ योजनाओं की जानकारी नहीं लेंगे बल्कि यह भी बता सकेंगे कि उनके गांव में पहले क्या काम होना चाहिए।
कई विभाग होंगे शामिल
इस अभियान में पंचायत और ग्रामीण विकास के साथ ही कृषि, पेयजल एवं स्वच्छता, भूमि संसाधन, खाद्य आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण और जल संसाधन विभाग भी जुड़ेंगे। इससे अलग-अलग योजनाओं की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने ग्रामीणों से 2 अक्तूबर को ग्राम सभा में पहुंचने और अपने गांव की जरूरतें खुलकर बताने की अपील की है। केंद्र के निर्देश पर प्रदेश के गांवों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।