आवेदकों को कल तक ऑनलाइन जमा करने होंगे दस्तावेज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। फैक्टरियों में भाप बनाने वाले बॉयलर चलाने और उनकी सुरक्षा देखने वाले कर्मचारियों के लिए हरियाणा में बॉयलर अटेंडेंट परीक्षा होगी। बॉयलर अटेंडेंट प्रशिक्षित कर्मचारी होता है जो बॉयलर का संचालन, पानी-दबाव की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था संभालता है। बॉयलर में छोटी चूक भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। 2026-27 की परीक्षा बॉयलर अटेंडेंट नियम 2025 के तहत होगी। उम्र व अनुभव की गणना 31 अगस्त 2026 से होगी।
पहली श्रेणी में 22 साल उम्र और 50 वर्ग मीटर या अधिक क्षमता वाले बॉयलर को अकेले चलाने का दो साल का अनुभव जरूरी है। शुल्क 1180 रुपये है। इसी तरह द्वितीय श्रेणी में 20 साल उम्र और भाप बॉयलर पर दो साल का निर्धारित अनुभव जरूरी है। शुल्क 708 रुपये रहेगा। श्रम विभाग में आवेदक के दस्तावेज ऑनलाइन 30 सितंबर शाम चार बजे तक जमा होंगे।