चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी ने क्यूएस एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में भारतीय संस्थानों के बीच अपना 37वां स्थान बरकरार रखा है। हालांकि, यूनिवर्सिटी के कुल स्कोर में सुधार हुआ है। वर्ष 2026 में पीयू का स्कोर 42.6 था, जो अब बढ़कर 43.4 हो गया है। रैंकिंग के अनुसार पीयू ने एशिया के कुल रैंकिंग वाले संस्थानों में से 82.3 प्रतिशत संस्थानों से बेहतर प्रदर्शन किया है।
यूनिवर्सिटी का कुल स्कोर वर्ष 2025 में 31.3 था, जो 2027 में बढ़कर 43.4 हो गया है। यानी दो साल में स्कोर में करीब 38.66 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। रैंकिंग के 10 प्रमुख मानकों में से आठ में यूनिवर्सिटी ने सुधार दर्ज किया है। रिसर्च के क्षेत्र में भी पीयू का प्रदर्शन बेहतर हुआ है। प्रति रिसर्च पेपर मिलने वाले उद्धरण यानी शोधकर्ताओं की ओर से शोध को दिए गए संदर्भों के स्कोर में 16.56 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, शिक्षक और विद्यार्थियों के अनुपात का स्कोर भी 23.32 प्रतिशत बढ़कर 34.9 हो गया है। इसके अलावा शैक्षणिक प्रतिष्ठा का स्कोर 35.7 से बढ़कर 35.9 और कंपनियों के बीच यूनिवर्सिटी की पहचान का स्कोर 39.2 से बढ़कर 40.1 हो गया है। विदेशी विद्यार्थियों के आदान-प्रदान के मामले में भी 35.53 प्रतिशत का सुधार दर्ज किया गया है। पीयू की कुलपति प्रो. मीनाक्षी गोयल ने कहा कि यूनिवर्सिटी का लक्ष्य विद्यार्थियों को आधुनिक और रोजगार से जुड़ी शिक्षा देना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने कहा कि रैंकिंग में सुधार शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और पूरे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।