हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने चंडीगढ़ में दीनदयाल उपाध्याय अन्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) के तहत लाभार्थियों को वित्तीय सहायता वितरण को लेकर पत्रकारों से बात की। उन्होंने बताया कि दयालु योजना के तहत 76 करोड़ रुपये की राशि लाभार्थियों के खाते में भेजी गई। सीएम ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस को अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन से सीखना चाहिए।
सीएम ने जन्माष्टमी के पवित्र पर्व की सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को बधाई दी। साथ ही सैनी ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम सैनी ने डिजिटली दयालु स्कीम के लाभार्थियों को मुआवजा वितरित किया। इस योजना के अंतर्गत आज 2020 परिवारों के खातों में 76 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। सीएम ने बताया कि जब से दयालु योजना शुरू हुई है यानी 1 अप्रैल 2023 से लेकर अब तक 36251 परिवारों को 1380 करोड़ दिए जा चुके है।
17 अगस्त को पीएम मोदी देंगे दो बड़ी साैगात
उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को पीएम मोदी दिल्ली के रोहिणी से हरियाणा को दो बड़ी सौगात देंगे। 11 हजार करोड़ की लागत से बनी 6 सड़क परियोजनाओं को उद्घाटन करेंगे। सीएम ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में पीएम मोदी ने देश को गति से बदलने का काम किया है। पीएम मोदी देश का सम्मान अग्रणी स्थान पर लेकर आए।
सीएम ने कहा कि अर्बन एक्सटेंशन रोड सोनीपत और बहादुरगढ़ के लिए दो नए फोरलेन का संपर्क मार्ग शामिल है। इन पर 2 हजार करोड़ की लागत आएगी। इससे आमजन को ट्रैफिक से राहत मिलेगी।
सीएम ने कहा कि पीएम मोदी गरीब व्यक्तियों को सशक्त करने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस को कहना चाहूंगा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जीवनी को पढ़ें और समझे कि कैसा उनका व्यवहार और आचरण रहा है। विपक्ष की आवाज किस तरह से रखी जाती थी। कांग्रेस इससे सबक लें।
आयुष्मान योजना के सवाल पर सीएम ने कहा कि सरकार ने पैसे का भुगतान किया है, आईएमए से बात भी हो गई हैl सीएम ने कहा कि जल्द ही प्रदेशभर में 10 ऐसे अस्पतालों का उद्घाटन करने जा रहा हूं, जहाँ सभी तरह की व्यवस्था होगी।