हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से सोमवार से पुलिस कांस्टेबल और अन्य पदों के लिए शारीरिक माप परीक्षा (पीएमटी) शुरू हो गया। यह 60 से 80 दिनों में पूरी होगा। पहले दिन दो बैच के तकरीबन 500 अभ्यर्थी पहुंचे। पीएमटी के दाैरान एचएसएससी के चेयरमैन हिम्मत सिंह और भूपेंद्र चौहान भी मौजूद रहे।
पहले दिन सुबह 10:30 बजे से पीएमटी हुई। आगामी दिनों में सुबह 6:30 बजे से यही प्रक्रिया शुरू होगी। आयोग पीएमटी के लिए सात दिनों का शेड्यूल जारी कर चुका है।
पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पीएमटी के लिए 21 जर्मनी से मंगवाई गईं मशीनों को लगाया गया है। इस मशीन के जरिये एक बार में ही 21 अभ्यर्थियों की लंबाई, वजन और छाती का माप ले लिया जाएगा।
फॉरेस्टर रेंजर के दो, जेल वार्डर के 33, पुरुष कांस्टेबल के 4500, महिला कांस्टेबल के 600, रेलवे पुलिस कांस्टेबल 400, फाॅरेस्टर के 50 और फॉरेस्टर गार्ड के 779 पदों के लिए पीएमटी होगा। पुलिस भर्ती व संबंधित अन्य पदों के लिए करीब 2.80 लाख आवेदन आए थे।
पीएमटी के बाद पीएसटी होगा और फिर होगी लिखित परीक्षा
पीएमटी में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों को फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) के लिए बुलाया जाएगा। पीएसटी में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होने का माैका मिलेगा।
पुलिस कांस्टेबल पदों के लिए होने वाले पीएमटी की बात करें ताे सामान्य वर्ग के पुरुषों के लिए 170 सेंटीमीटर ऊंचाई होनी चाहिए। सीना 4 सेंटीमीटर और फुलाव के साथ 83 सेंटीमीटर चाैड़ाई हो। आरक्षित श्रेणी के लिए 168 सेंटीमीटर ऊंचाई होनी चाहिए। सीने की चाैड़ाई 4 सेंटीमीटर और फुलाव के साथ 61 सेंटीमीटर होना चाहिए। वहीं, महिलाओं के लिए 158 सेंटीमीटर ऊंचाई होनी चाहिए। फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट (पीएसटी) की बात करें तो पुरुषों को 2.50 किमी. की दाैड़ 12 मिनट में पूरी करनी होगी जबकि महिलाओं को छह मिनट में एक किमी. की दाैड़ पूरी करने पर ही आगामी प्रक्रिया के लिए पात्र होंगे। पूर्व सैनिकों को 5 मिनट में 1 किमी. की पूरी दाैड़ करनी होगी।
फॉरेस्टर रेंजर और गार्ड पदों के लिए इतना दाैड़ना होगा
वन विभाग में वनपाल के पदों के लिए ऊंचाई 168 सेंटीमीटर होनी चाहिए। सीने की चाैड़ाई 79 सेंटीमीटर हो जबकि फुलाव के बाद 84 सेंटीमीटर चाैड़ाई की शर्त है। महिलाओं के लिए 155 सेंटीमीटर लंबाई रखी गई है। पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किमी. और महिलाओं को 14 किमी. की दाैड़ 4 घंटे में पूरी करनी होगी।