सीएम सैनी ने बताया कि 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती के राज्यस्तरीय समारोह में पीएम मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। दीनबंधु चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्लांट यमुनानगर में 800 मेगावाट की नई इकाई का शिलान्यास करेंगे। पॉवर प्लांट 7272 करोड़ रुपयों की लागत से तैयार होगा। इसके अलावा पीएम मोदी महाराजा अग्रसेन हिसार हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं की भी शुरुआत करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुनानगर की यह परियोजना दीनबंधु चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्लांट प्रोजेक्ट में 2*300 मेगावाट का मौजूदा संयंत्र का विस्तार है। इस परियोजना को पूरा करने के लिए 52 महीने का समय निर्धारित किया गया है, जबकि वाणिज्यिक संचालन 48 महीनों के अंदर शुरू हो जाएगा। इस इकाई से हरियाणा के घरेलू ऊर्जा उत्पादन क्षमता 3382 मेगावाट तक बढ़ जाएगी।
वहीं, हिसार में एकीकृत विमान हब बनाया जा रहा है। इसमें 4200 एकड़ में हवाई अड्डा और 3 हजार एकड़ में समेकित विनिर्माण क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है। हवाई अड्डे के विकास योजना 3 चरणों में पूरी की जाएगी, पहले चरण का काम पूरा हो चुका है।