चंडीगढ़। प्राइवेट स्कूल संघ ने नर्सरी कक्षा के बच्चों का भी एमआईएस पोर्टल पर स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन नंबर (एसआरएन) जारी करने का ऑप्शन देने के लिए शिक्षा निदेशक को पत्र लिखा है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने शिक्षा निदेशक को लिखे पत्र में कहा कि प्राइवेट स्कूलों में एमआईएस पोर्टल पर ऑनलाइन एडमिशन बालवाटिका तृतीय से आरंभ होता हैं।
ऐसे में जिनकी उम्र साढ़े चार वर्ष की होती है, इनका ऑनलाइन पोर्टल पर स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन नंबर जारी होता है, लेकिन नर्सरी यानी तीन से चार वर्ष के बच्चे का एमआईएस पोर्टल पर एसआरएन जारी नहीं होता है, जबकि निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के सेक्शन-12(1)(सी) के प्रावधान के अनुसार मान्यता प्राप्त स्कूलों को अपने विद्यालय की एंट्री लेवल की कक्षाओं में कुल दाखिला सीटों की 25 फीसदी सीटें दिखानी अनिवार्य है।
अधिकतर प्राइवेट स्कूलों में एंट्री कक्षा नर्सरी से शुरू होती है, जिसमें तीन से चार वर्ष तक के बच्चे का दाखिला होता है, लेकिन इस उम्र के बच्चों का एमआईएस पोर्टल पर स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन नंबर जारी करने का कोई फीचर नहीं दिया गया है, इसलिए इनका दाखिला ऑफलाइन ही होता है। प्राइवेट स्कूल संघ हरियाणा मांग करता है कि तीन से चार वर्ष (नर्सरी कक्षा) के बच्चों को भी पोर्टल पर ऑनलाइन करने के लिए एमआईएस पर स्टूडेंट्स रजिस्ट्रेशन नंबर जारी करने का ऑप्शन दिया जाए।