- राज्य सरकार ने टोल फ्री नंबर और एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी जारी किया
-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्यस्तरीय समारोह 21 जून को कुरुक्षेत्र में होगा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्यस्तरीय समारोह 21 जून को कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर में आयोजन की तैयारी जोरों पर हैं। इस कार्यक्रम में अपना पंजीकरण कराने के इच्छुक लोगों के लिए राज्य सरकार की तरफ से एक टोल-फ्री मिस्ड कॉल नंबर 9501131800 और एक डिजिटल प्लेटफॉर्म (www.internationalyogadayhry.in) शुरू किया गया है। कोई भी टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल करके अपना पंजीकरण करवा सकता है।
इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेशभर से पब्लिक को आसानी से पंजीकरण कराने और समारोह में उचित व्यवस्था भी की जा सके। इस कार्यक्रम का व्यवस्थित संचालन के लिए राज्य और जिला-स्तरीय आयोजन समितियों, परचेज समितियों व स्वागत समितियों सहित विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। इसके अतिरिक्त योग दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र के कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय में एक मेडिटेशन सेंटर की आधारशिला रखेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, योग गुरु बाबा रामदेव और अन्य खास लोग भाग लेंगे। इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी का ऑनलाइन संबोधन भी होगा। इस दौरान प्रदेशभर के जिला और ब्लॉक स्तर पर 10 लाख से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम से पहले राज्य ने कई महत्वपूर्ण गतिविधियों की योजना बनाई है। योग के प्रति जागरूकता के लिए 19 जून को पंचायत विभाग व शहरी स्थानीय निकायों द्वारा सभी गांवों और वार्डों में योग जागरण यात्रा निकाली जाएगी।
मंत्रियों, सांसदों, अधिकारियों, सरपंचों के प्रशिक्षण
समावेशी भागीदारी के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, सरपंचों, पंचों और एनसीसी कैडेटों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (12-14 जून) और मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम जनता के लिए (16-18 जून) निर्धारित किए गए हैं। आयुष और चिकित्सा विश्वविद्यालयों में 16 से 19 जून के बीच योग संगोष्ठियों या सेमिनारों भी आयोजित की जाएगी। 19 जून को जिलाव्यापी योग मैराथन की योजना बनाई गई है। वहीं, सभी स्थानों पर 10 लाख औषधीय और फलदार पौधे लगाने के लक्ष्य रखकर हरित योग पाैधरोपण अभियान चलाया जाएगा।