चंडीगढ़। हरियाणा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए 11 अगस्त से दोबारा पोर्टल खोला जाएगा। अभी तक चार राउंड की काउंसलिंग हो चुकी है।
हरियाणा काैशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग निदेशालय ने प्रवेश प्रक्रिया का ब्योरा जारी किया है। निदेशालय के पत्र के अनुसार, नए आवेदन 11 अगस्त से 22 अगस्त तक पोर्टल के माध्यम होंगे। जिन अभ्यर्थियों को प्रवेश लेना है वह 12 से 14 अगस्त और 18 अगस्त से 22 अगस्त तक प्रतिदिन संस्थानों में दोपहर 12 बजे तक अपना मेरिट कार्ड जमा कराएंगे। आवेदकों को माैके पर ही प्रवेश देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वहीं, पुराने और नए आवेदन पत्रों के आधार पर संयुक्त मेरिट तैयार की जाएगी।
विभाग के निदेशक कैप्टन मनोज कुमार ने निर्देशों का पालन गंभीरता से करने को कहा है। आदेश दिए हैं कि संस्थानों की व्यवसाय वार रिक्त सीटों की संख्या आवेदकों के लिए प्रदर्शित की जाएंगी और दाखिला प्रक्रिया पूर्ण रूप से संस्थान स्तर पर मेरिट के आधार पर ऑनलाइन पोर्टल पर ही की जाएगी। ब्यूरो