अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना-2.0 के तहत मंगलवार को 9000 आवासीय प्लाॅट बांटेगी। हाउसिंग फाॅर ऑल विभाग यह प्लाॅट उपलब्ध कराएगा। प्रदेश के 15 जिलों की 145 ग्राम पंचायतों और महा ग्राम पंचायतों में यह प्लाॅट ड्राॅ के माध्यम से दिए जाएंगे।
हाउसिंग फाॅर ऑल विभाग की तरफ से दूसरे चरण में यह प्लाॅट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मंगलवार को भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, नारनाैल, नूंह, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत, यमुनानगर जिलों की पंचायतों के लिए ड्राॅ निकाले जाएंगे। संबंधित जिलों की 145 ग्राम पंचायतों के लिए 100-100 गज के आवासीय प्लाॅट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी तरह से 50-50 गज के आवासीय प्लाॅट महा ग्राम पंचायतों सतनाली और मलाब के पात्रों को भी ड्राॅ के माध्यम से दिए जाएंगे।